प्रक्रिया
पेट्रोल में ई-20 के बाद जैविक ईंधन मिश्रित डीजल की बिक्री
पेट्रोल में एथेनॉल के बीस फीसदी मिश्रण (ई-20) को लेकर देशभर में छिड़े विवाद के बीच तेल कंपनियों ने डीजल में बायोडीजल का मिश्रण शुरू कर दिया है। कई तेल कंपनियां बायोडीजल के मिश्रण वाले डीजल की बिक्री कर रही हैं।
सरकार ने ई-20 पेट्रोल की तरह वर्ष 2030 तक बी-5 का लक्ष्य रखा है। यानी बी-5 में पांच फीसदी बायोडीजल और 95 प्रतिशत डीजल होगा। सरकार की दलील है कि इसे इंजन में किसी तरह के संशोधन के बगैर इस्तेमाल किया जा सकता है। इससे उत्सर्जन को कम करने में भी मदद मिलेगी और प्रदूषण भी घटेगा।
इंडियन ऑयल के अनुसंधान एवं विकास विभाग ने कई अखाद्य तेलों खासतौर पर जटरोफा और करंजिया से बायोडीजल उत्पादन की उन्नत प्रक्रिया विकसित की है। इस बायोडीजल का रेलवे, हरियाणा रोडनेज, टाटा के सहयोग से 5 और 10 फीसदी बायोडीजल मिश्रण का व्यापक परीक्षण भी किए। वहीं वर्ष 2025 तक सार्वजनिक क्षेत्र की तेल कंपनियां डीजल में सिर्फ 0.6 फीसदी बायोडीजल मिलाने का लक्ष्य हासिल कर पाई है। इंडियन ऑयल ने बताया कि अप्रैल, 2024 से फरवरी, 2025 की अवधि के दौरान करीब 20 करोड़ लीटर बायोडीजल की खरीद के साथ डीजल में औसतन 0.57 प्रतिशत बायोडीजल का मिश्रण हासिल किया।

