Hathras नायब तहसीलदार प्रतीक्षा कटारा ने शुक्रवार को क्षेत्र के गांव धनौली और नगला मानसहाय स्थित परिषदीय विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। अचानक विद्यालय पहुंचीं नायब तहसीलदार ने शिक्षण कार्य, छात्र-छात्राओं की उपस्थिति और विद्यालय की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बच्चों को दिए जा रहे मिड-डे मील को स्वयं चखकर उसकी गुणवत्ता परखी। उन्होंने भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई और बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के संबंध में भी जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने छात्र-छात्राओं से बातचीत कर विभिन्न विषयों से संबंधित सवाल-जवाब किए।नायब तहसीलदार ने शिक्षकों को बच्चों की पढ़ाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
साथ ही विद्यालयों में छात्र-छात्राओं की नियमित उपस्थिति बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि अभिभावकों से संपर्क कर बच्चों को प्रतिदिन विद्यालय भेजने के लिए प्रेरित किया जाए।उन्होंने विद्यालय परिसर में साफ-सफाई समेत अन्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। नायब तहसीलदार ने कहा कि बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण के साथ गुणवत्तापूर्ण भोजन और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए।

