02 September 2026

8th Pay Commission: 18,000 रुपये की बेसिक पे पर कितना होगा फायदा? 3.61 से 4.00 तक फिटमेंट फैक्टर की मांग, जानें पूरा हिसाब

 

8th Pay Commission: 18,000 रुपये की बेसिक पे पर कितना होगा फायदा? 3.61 से 4.00 तक फिटमेंट फैक्टर की मांग, जानें पूरा हिसाब

नई दिल्ली। 50 लाख से अधिक केंद्रीय कर्मचारियों और बड़ी संख्या में पेंशनर्स को 8वें वेतन आयोग की सिफारिशों का इंतजार है। कर्मचारियों के बीच सबसे ज्यादा चर्चा इस बात को लेकर है कि आयोग लागू होने के बाद बेसिक सैलरी में कितनी बढ़ोतरी होगी। इसका सीधा संबंध प्रस्तावित फिटमेंट फैक्टर से है।

वर्तमान में कर्मचारी संगठनों की ओर से 3.61 से 4.00 तक फिटमेंट फैक्टर की मांग सामने आई है। वहीं, 7वें वेतन आयोग में 2.57 का फिटमेंट फैक्टर लागू किया गया था। उस समय न्यूनतम बेसिक पे 7,000 रुपये से बढ़कर 18,000 रुपये हुई थी।


क्या होता है फिटमेंट फैक्टर?

फिटमेंट फैक्टर एक ऐसा गुणक है, जिससे मौजूदा बेसिक पे को गुणा करके संशोधित बेसिक पे निर्धारित की जाती है। इसमें महंगाई भत्ते के प्रभाव को भी समायोजित किया जाता है, ताकि नई वेतन संरचना में कर्मचारियों को वास्तविक राहत मिल सके।

4.00 फिटमेंट फैक्टर पर 72,000 रुपये होगी बेसिक पे

अगर 8वें वेतन आयोग में 4.00 का फिटमेंट फैक्टर लागू होता है, तो मौजूदा न्यूनतम बेसिक पे 18,000 रुपये पर गणना इस प्रकार होगी:

18,000 × 4.00 = 72,000 रुपये

यानी न्यूनतम बेसिक पे 72 हजार रुपये हो सकती है। 4.00 फिटमेंट फैक्टर की मांग भारतीय प्रतिरक्षा मजदूर संघ (BPMS) की ओर से प्रमुखता से रखी गई है।

BPMS की गणना में 2016-17 से 2024-25 के बीच प्रति व्यक्ति नेट नेशनल इनकम में हुई 86.76 प्रतिशत वृद्धि को आधार बनाया गया। पांच सदस्यों वाले परिवार के खर्च को ध्यान में रखते हुए करीब 88,524 रुपये का आंकड़ा निकाला गया, जिसे सरकारी वित्तीय बोझ को देखते हुए 72,000 रुपये के स्तर पर रखा गया।

3.833 फिटमेंट फैक्टर पर 69,000 रुपये

नेशनल काउंसिल जेसीएम स्टाफ साइड और भारत पेंशनर्स समाज की ओर से 3.833 फिटमेंट फैक्टर की मांग की गई है।

इस हिसाब से:

18,000 × 3.833 = 68,994 रुपये

यानी न्यूनतम बेसिक पे करीब 69,000 रुपये हो सकती है। स्टाफ साइड ने पांच सदस्यों वाले परिवार की जरूरतों और खर्च के आधार पर करीब 68,947 रुपये का आंकड़ा प्रस्तुत किया है, जिसे राउंड ऑफ कर 69,000 रुपये बताया गया।

3.61 फिटमेंट फैक्टर पर करीब 65,000 रुपये

मिनिस्टीरियल स्टाफ एसोसिएशन ने 3.61 फिटमेंट फैक्टर की मांग की है। इस आधार पर न्यूनतम बेसिक पे करीब 65,000 रुपये होगी।

गणना:

18,000 × 3.61 = 64,980 रुपये

एसोसिएशन ने यह आंकड़ा 15वें भारतीय श्रम सम्मेलन (ILC) के मानकों और रेप्टाकोस ब्रेट मामले के आधार पर दिसंबर 2025 की कीमतों को ध्यान में रखते हुए तैयार किया है।

लेवल-1 पर तीनों प्रस्तावों में कितना अंतर?

फिटमेंट फैक्टर न्यूनतम बेसिक पे
3.61 ₹64,980
3.833 ₹68,994 (लगभग ₹69,000)
4.00 ₹72,000

इस तरह 3.61 और 4.00 के फिटमेंट फैक्टर के बीच न्यूनतम बेसिक पे में करीब 7,020 रुपये प्रति माह का अंतर बनता है।

अलग-अलग लेवल पर भी पड़ेगा असर

स्टाफ साइड ने 3.833 फिटमेंट फैक्टर के आधार पर प्रस्तावित पे मैट्रिक्स भी तैयार की है। इसके अनुसार लेवल-1 पर करीब 69,000 रुपये, लेवल-6 पर 1,35,700 रुपये और मर्ज किए गए लेवल-9/10 पर 2,15,100 रुपये तक बेसिक पे का प्रस्ताव है।

वहीं, BPMS के 4.00 फिटमेंट फैक्टर वाले प्रस्ताव में लेवल-1 की बेसिक पे 72,000 रुपये से शुरू होकर लेवल-18 तक 10 लाख रुपये तक पहुंचने का प्रस्ताव बताया गया है।

हालांकि, ये आंकड़े कर्मचारी संगठनों की मांग और प्रस्तावित गणनाओं पर आधारित हैं। 8वें वेतन आयोग की अंतिम सिफारिश और सरकार के फैसले के बाद ही वास्तविक फिटमेंट फैक्टर और संशोधित वेतन तय होगा।