लखनऊ। बंगला बाजार के निजी विद्यालय की शिक्षिका ने अपने ही स्कूल की छात्राओं पर जातिसूचक गालियां देने और धमकाने का मामला आशियाना थाने में दर्ज कराया है। शिक्षिका का आरोप है कि चार आरोपी छात्रा के आपत्तिजनक टिप्पणी करने पर एक दलित छात्रा ने स्कूल आना भी बंद कर दिया है। आशियाना इंस्पेक्टर गजेंद्र कुमार राय ने बताया कि शिक्षिका की शिकायत पर चार छात्राओं के खिलाफ एससीएसटी, धमकी, आईटी एक्ट के तहत एफआईआर हुई है।
हुसैनगंज निवासी मीनू के अनुसार वह बंगला बाजार स्थित एमबीएस द फैमिली एंड एकेडमी में फैकल्टी शिक्षक हैं। आरोप है कि 12 सितंबर को पीजीआई की अनुसूचित जाति की छात्रा से उसकी चार सहपाठी का किसी बात को लेकर विवाद हो गया। शिक्षिका होने के नाते मीनू ने बीच बचाव कर मामला शांत कराया। पीड़ित शिक्षिका का आरोप है कि इसके बाद से चारों छात्राएं लगातार उन्हें और अनुसूचित जाति की छात्रा को जातिसूचक गालियां देकर अपमानित कर रही हैं। जान से मारने की धमकी दे रही हैं। साथ ही व्हाट्सऐप ग्रुप पर पीड़ित छात्रा के चरित्र को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी भी की जा रही है। इस लगातार उत्पीड़न से आहत होकर पीड़ित छात्रा ने स्कूल आना बंद कर दिया है। इसको लेकर शिक्षिका मीनू ने कैंट एसीपी से शिकायत की। उसके बाद इस संबंध में आशियाना थाने में चारों आरोपी छात्रा के खिलाफ मुकदमा हुआ है। इंस्पेक्टर गजेंद्र कुमार राय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

