हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें

12 November 2026

छठी कक्षा की दो छात्राओं में मारपीट, एक ने दम तोड़ा

बागपत, । कोतवाली क्षेत्र के नयागांव उर्फ हमीदाबाद से बुधवार को बेहद दुखद खबर सामने आई। यहां के प्राथमिक विद्यालय में दो छात्राओं के बीच कुछ दिन पहले हुई मारपीट में गंभीर रूप से घायल हुई कक्षा छह की 10 वर्षीय छात्रा मिस्टी की बुधवार को मौत हो गई। 28 अक्टूबर को स्कूल में हुई मारपीट के बाद से ही उसका उपचार चल रहा था।

मेरठ के निजी अस्पताल में बुधवार को उसने दम तोड़ दिया। परिजनों ने दूसरी छात्रा पर मारपीट के दौरान पेट और सीने में लात मारने का आरोप लगाया है। पुलिस ने बच्ची का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

ये भी पढ़ें - 8th Pay Commission Arrears: ₹5.15 लाख तक का संभावित एरियर, जानें पूरा कैलकुलेशन

ये भी पढ़ें - 24 जून से जुलाई के बीच सर्विस बुक में हेरफेर करने का आरोप



नयागांव निवासी बच्ची के पिता पवन ने बताया कि उनकी बेटी मिस्टी गांव के प्राथमिक विद्यालय में कक्षा छह में पढ़ती थी। 28 अक्टूबर को वह स्कूल गई थी। आरोप है कि स्कूल में दूसरी छात्रा से उसका विवाद हो गया। कहासुनी के बाद दोनों में मारपीट होने लगी। इस दौरान मिस्टी जमीन पर गिर गई। आरोप है कि दूसरी छात्रा ने उसके पेट और सीने में लात मारी, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं।

स्कूल से घर पहुंचने पर मिस्टी ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजन उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे।

हालत गंभीर होने पर उसे मेरठ के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा था। बुधवार को उपचार के दौरान छात्रा की मौत हो गई। बेटी की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार चाहल ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह

छात्रा की मौत के बाद अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। परिजनों ने स्कूल में हुई मारपीट को बेटी की मौत की वजह बताते हुए दूसरी छात्रा के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पूरे घटनाक्रम की जांच के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। करीब 14 दिन तक अस्पताल में उसका उपचार चलता रहा। लेकिन बुधवार को उसकी मौत हो गई।

Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more