बहराइच, । जंगल से सटे गांव में स्थित नलकूप कक्ष में लाल रंग का दुर्लभ सांप बुधवार को दिखा। रंग-बिरंगे सांप को देखने के लिए लोगों की भीड़ जमा हो गई। हालाकि कुछ देर बाद सांप जंगल में चला गया। कतर्निया में बेहतर होती जैव विविधता के लिए रेड कोरल कुकरी (ओलिंगडन खेरिएंसिस) सांप को शुभ मान रहे हैं। यह बहुत कम संख्या में पाया जाता है।
सुजौली के बर्दिया गांव के नलकूप कक्ष में लाल रंग का दुर्लभ सांप दिखाई दिया। इसे रेड कोरल कुकरी बताया जा रहा है। सांप की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं। गांव में सांप दिखने की सूचना पर बड़ी संख्या में लोग उसे देखने पहुंचे। हालांकि लोगों ने सांप को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया। कुछ देर बाद सांप वहां से जंगल की ओर चला गया। स्नेक एक्सपर्ट बीडी लखमानी बताते हैं कि सबसे पहले रेड कोरल कुकरी सांप नार्थ खीरी में वर्ष 1936 में देखा गया था। उसके बाद वर्ष 2024 में नेचर एनवायरमेंट एंड वाइल्ड लाइफ सोसाइटी की टीम को बिछिया निशानगाड़ा मार्ग पर यह सांप दिखा था और अब बर्दिया में दिखाई दिया है। स्नेक एक्सपर्ट अभिषेक ने बताया कि ये सांप रात में निकलते हैं और यह जहरीले नहीं होते हैं। इसका स्वभाव शांत होता है और यह इंसानों पर हमला नहीं करता।

