हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें

12 November 2026

दोनों हाथों के काम एक हाथ से ही कर सकेंगे, वैज्ञानिकों ने बनाया एआई रोबोटिक थंब

सैन डिएगो, एजेंसी। रोजमर्रा के छोटे-बड़े कामों के लिए हमें दोनों हाथों का इस्तेमाल करना पड़ता है। लेकिन अब इंसान की इस जरूरत को तकनीक ने आसान बना दिया है।

यूनिवर्सिटी ऑफ कैलिफोर्निया सैन डिएगो के वैज्ञानिकों ने 'ईगो-थंब' नाम का कॉम्पैक्ट रोबोटिक अंगूठा विकसित किया है। इस स्मार्ट डिवाइस को पहनकर अब दो हाथों वाले कठिन काम भी महज एक ही हाथ से निपटाए जा सकेंगे।


कमांड देने की जरूरत नहीं: इस आविष्कार की सबसे बड़ी खासियत यह है कि उपयोगकर्ता को अंगूठे को हिलाने या पकड़ने के लिए कोई अलग से बटन दबाने या कमांड देने की जरूरत नहीं पड़ती। शोधकर्ता जियावेई फू के अनुसार, जब कोई उपयोगकर्ता बोतल की तरफ हाथ बढ़ाता है, तो इगोथंब कैमरे की मदद से स्थिति को समझकर अपने आप बोतल को कसकर पकड़ लेता है, ताकि इंसान की असली उंगलियां आसानी से ढक्कन खोल सकें। जैसे ही बोतल नीचे रखी जाती है, अंगूठा उसे अपने आप छोड़ देता है।

परीक्षण में सफल रहा: शोधकर्ताओं ने इगोथंब का शुरुआती प्रोटोटाइप तैयार कर लैब में कई लोगों पर परीक्षण किया। प्रयोग के दौरान चार प्रमुख काम दिए गए थे-एक हाथ से क्यूब उठाना, बोतल का ढक्कन खोलना, कप में चम्मच से चाय चलाना और गेंद को एक जगह से दूसरी जगह ट्रांसफर करना। परीक्षण के दौरान, रोबोटिक अंगूठे ने 87.5% से लेकर 92.5% तक औसत सफलता दर हासिल की,यानि बेहतर काम किया।

दिव्यांगों के लिए वरदान होगा

जिन लोगों का एक हाथ लकवाग्रस्त हैं, उनके लिए यह रोबोटिक थंब बहुत मददगार साबित हो सकता है। जिन लोगों का एक हाथ नहीं है या काम नहीं करता, वे एक हाथ पर इसे पहनकर रोजाना की जिंदगी के कामकाज आसानी से कर सकेंगे। इससे उनका जीवन आसान होगा।

रोबोटिक अंगूठा और जॉइंट्स

इस अंगूठे में 3 जोड़ हैं, जो टेंडन और कलाई के निचले हिस्से पर लगे छोटे मोटरों के जरिए मुड़ने और सीधे होने की क्षमता रखते हैं। मोटर को हाथ के बजाय फोरआर्म पर लगाने से हाथ पर अतिरिक्त वजन नहीं पड़ता।

इगोथंब पहनने योग्य रोबोटिक सिस्टम है। इसमें मुख्य रूप से तीन हिस्से शामिल हैं

स्मार्ट एआई मॉडल

इसमें लगा आई एल्गोरिदम कैमरे की तस्वीरों और अंगूठे की पोजीशन को देखकर खुद तय करता है कि कब वस्तु को पकड़ना है और कब छोड़ना है।

हथेली पर लगा कैमरा

उपयोगकर्ता की हथेली के पास एक छोटा, वाइड-एंगल कैमरा लगाया गया है। कैमरा हाथ, सामने रखी चीजों और अंगूठे की तस्वीरें कैद करता रहता है।

Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more