नई दिल्ली, विसं। केंद्र सरकार 33 हजार करोड़ के सरकारी बॉन्ड की नीलामी करने जा रही है। वित्त मंत्रालय के आर्थिक कार्य विभाग ने इस संबंध में अधिसूचना जारी की है। नीलामी के जरिए सरकार 2029, 2033 और 2056 में परिपक्व होने वाले सरकारी बॉन्ड के साथ सॉवरेन ग्रीन बॉन्ड भी जारी करेगी। इसमें खुदरा निवेशकों को भी निवेश का मौका मिलेगा।
सरकार 33 हजार करोड़ रुपये के बॉन्ड जारी करेगी। इसमें 6.20% ब्याज दर वाले 2029 के बॉन्ड से 9000 करोड़ रुपये, 6.57% ब्याज दर वाले 2033 के बॉन्ड से 12000 करोड़ और 7.63% ब्याज दर वाले 2056 के बॉन्ड से 9000 करोड़ जुटाए जाएंगे। नीलामी में छोटे निवेशकों की भागीदारी बढ़ाने के लिए गैर-प्रतिस्पर्धी बोली की सुविधा भी दी गई है। इसके तहत खुदरा निवेशक कम से कम 10 हजार रुपये के निवेश से बोली लगा सकेंगे।
एक निवेशक एक नीलामी में किसी एक सरकारी प्रतिभूति के लिए अधिकतम दो करोड़ रुपये तक की बोली लगा सकता है।
छमाही आधार पर मिलेगा ब्याज : बॉन्ड पर ब्याज का भुगतान हर छह महीने में किया जाएगा। निवेशकों को बॉन्ड की तय ब्याज दर के अनुसार भुगतान मिलेगा। बॉन्ड की अवधि पूरी होने पर निवेश की मूल राशि वापस कर दी जाएगी।

