प्रयागराज: अनुशासनहीनता में दो शिक्षिकाएं निलंबित, एक पर सहकर्मी से मारपीट का आरोप
प्रयागराज। जिले में अनुशासनहीनता के मामलों में बीएसए अनिल कुमार ने दो शिक्षिकाओं को निलंबित कर दिया है। इनमें एक शिक्षिका पर सहकर्मी के साथ मारपीट करने का आरोप है, जबकि दूसरी शिक्षिका को विद्यालय निरीक्षण के दौरान बिना सूचना अनुपस्थित पाए जाने के मामले में निलंबित किया गया है।
ये भी पढ़ें - प्रमोशन को स्पेशल TET में शामिल शिक्षकों से मांगा गया Admit Card और Answer Sheet का विवरण
ये भी पढ़ें - जनगणना 2027: स्व-गणना को लेकर प्रगणकों और पर्यवेक्षकों के लिए 5 जरूरी निर्देश
प्राथमिक विद्यालय बरईपुर बहादुरपुर की सहायक अध्यापिका सारिका श्रीवास्तव को सहयोगी शिक्षिका के साथ मारपीट करने के आरोप में निलंबित किया गया है। खंड शिक्षा अधिकारी बहादुरपुर की जांच रिपोर्ट के अनुसार विद्यालय के स्टाफ और बच्चों ने मारपीट के लिए सारिका श्रीवास्तव को जिम्मेदार बताया। मामले की विभागीय जांच खंड शिक्षा अधिकारी चाका को सौंपी गई है।
वहीं, खंड शिक्षा अधिकारी करछना की जांच रिपोर्ट के आधार पर उच्च प्राथमिक विद्यालय मछहर पुरवा की इंचार्ज प्रधानाध्यापिका वंदना अग्रवाल को भी निलंबित कर दिया गया है।
बताया गया कि 16 नवंबर को विद्यालय के निरीक्षण के दौरान वंदना अग्रवाल और शिक्षिका ऊषा देवी बिना किसी पूर्व सूचना या अवकाश के अनुपस्थित मिली थीं। निरीक्षण के समय विद्यालय में मात्र तीन बच्चे उपस्थित पाए गए।
बीएसए की इस कार्रवाई से विभाग में अनुशासनहीनता और विद्यालयों में शिक्षकों की उपस्थिति को लेकर सख्त संदेश गया है।

