लखनऊ, यूपी की मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) किया जा रहा है। सभी जिलों में मतदाताओं की शिकायतों के निवारण के लिए बनाए गए कंट्रोल रूम को अलर्ट कर दिया गया है। डीएम की निगरानी में शिकायतों का निस्तारण किया जाएगा। दावे व आपत्तियां दाखिल करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है और यह 16 दिसंबर तक चलेगी।
ये भी पढ़ें - एनएचएम संविदा कर्मियों को मिलेगा वेटेज
मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की ओर से सभी जिलों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि वह मतदाताओं की समस्याओं का प्राथमिकता पर निराकरण करें। मतदाताओं की शिकायतों का निस्तारण करने के लिए राष्ट्रीय संपर्क केंद्र के टोल फ्री नंबर 1800-11-1950 व यूपी के मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय में बनें राज्य संपर्क केंद्र के 1800-180-1950 पर संपर्क किया जा सकता है। यह टोल-फ्री नंबर वर्ष भर सक्रिय रहते हैं। वहीं जिला संपर्क केंद्रों के हेल्पलाइन नंबर 1950 मतदाता सूची के पुनरीक्षण, लोक सभा व विधानसभा चुनाव के समय सक्रिय रहते हैं।
अगर कोई मतदाता लैंडलाइन टेलीफोन नंबर से 1950 पर कॉल करेगा तो वह स्वत: जिला संपर्क केंद्र पर कॉल जाएगी। अगर मोबाइल फोन से किसी भी जिले के कंट्रोल रूप में संपर्क करने के लिए उस जिले के एसटीडी कोड के साथ 1950 डायल करने पर संपर्क किया जा सकता है।
सात महीने में बढ़े 590 प्रवासी भारतीय मतदाता
यूपी की मतदाता सूची में पिछले सात महीने में 590 प्रवासी भारतीय मतदाता बढ़े हैं। एसआईआर की 10 अप्रैल को जारी अंतिम मतदाता सूची में 3625 प्रवासी भारतीय मतदाता थे और अब एसएसआर की ड्राफ्ट सूची में 4215 प्रवासी भारतीय मतदाता हैं। जिसमें 3492 पुरुष मतदाता व 723 महिला मतदाता हैं। एसआईआर की प्रक्रिया में तमाम ऐसे प्रवासी नागरिक हैं, जिनके परिवार के सदस्यों ने उनके स्थान पर गणना प्रपत्र भरकर जमा किया। ऐसे में अब उन्हें अपना नाम सामान्य मतदाता की बजाए प्रवासी भारतीय मतदाता के रूप में दर्ज कराए जाने के निर्देश दिए गए हैं।
● हर जिले में वोटरों की मदद के लिए कंट्रोल रूम अलर्ट
● लैंड लाइन फोन से सीधे 1950 डायल करना होगा

