हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें

13 October 2022

सभी परिषदीय स्कूलों को बनानी होगी ई-मेल आइडी


प्रयागराज अब सभी परिषदीय स्कूलों को अपनी ईमेल आइडी बनानी होगी। बीआरसी से जो पत्राचार होगा वह उसी आइडी पर किया जाएगा। इससे सूचना न मिलने जैसी शिकायतों का समाधान हो जाएगा, साथ ही समय से शासन के आदेश निर्देश भी पहुंच जाएंगे। इसके लिए सभी एबीएसए को निर्देशित कर दिया गया है।


नवाचारों की कड़ी में 'गुड मार्निंग टीचर' नाम से भी पहल होने जा रही है। यह सामूहिक प्रार्थना सभा का आनलाइन प्रारूप है। इसमें बीएसए के साथ सभी एबीएसए जुड़ेंगे। प्रत्येक विद्यालय की आधिकारिक ईमेल आइडी पर प्रतिदिन गूगल मीट से लिंक भेजा जाएगा। प्रधानाध्यापक उससे जुड़कर प्रार्थना सभा को लाइव करेंगे। प्रार्थना सभा में क्या गतिविधि हो रही, सुझाव व संशोधन भी साझा करेंगे। प्रत्येक एबीएसए प्रतिदिन एक-एक विद्यालय से अनिवार्य रूप से जुड़ेंगे। वहां की व्यवस्थाओं को भी आनलाइन देखेंगे। बीएसए प्रवीण कुमार तिवारी ने बताया कि हो सकता है कि नेटवर्क की समस्या के कारण कुछ स्कूल न जुड़ पाएं तो उन्हें अपनी सेल्फी और प्रार्थनासभा की तस्वीर व वीडियो ईमेल से भेजनी होगी। बीआरसी के वाट्सएप ग्रुप पर भी भेजना होगा। यह कदम विद्यार्थियों को भी प्रार्थना सभा में उत्साह के साथ शामिल होने के लिए प्रेरित करेगा। जिस तरह कान्वेंट स्कूलों में अधिकांश गतिविधियों की वीडियो तैयार होती है उसी तरह परिषदीय विद्यालय के बच्चे भी स्वयं को तैयार कर सकेंगे। उन्हें पता होगा कि मात्र स्कूल परिसर में उनकी गतिविधि नहीं देखी जा रही बल्कि पूरे विकास खंड या जिले स्तर पर वे प्रसारित हो रहे हैँ. 

Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more