हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें

17 April 2023

सरकारी कर्मचारियों को जल्द मिल सकती है बड़ी खुशखबरी, मिल सकता है 46% महंगाई भत्ता, जानें कब होगा ऐलान?


7th Pay Commission: केंद्रीय कर्मचारियों को मिल सकता है 46 फीसदी डीए, कब बड़ा तोहफा देगी सरकार?


केंद्रीय कर्मचारियों (Central Employees) को आने वाले दिनों में एक और बड़ा तोहफा सरकार दे सकती है. इससे उनकी सैलरी में जोरदार बढ़ोतरी होगी. खबर है कि केंद्रीय कर्मचारियों का डीए इस साल की दूसरी छमाही में 46 फीसदी पर पहुंच सकता है. सरकार ने जनवरी से जून 2023 की पहली छमाही के लिए महंगाई भत्ता (DA) और महंगाई राहत (DR) में चार फीसदी का इजाफा किया था. इसके बाद डीए 38 फीसदी से बढ़कर 42 फीसदी पर पहुंच गया. सरकार हर छह महीने में कर्मचारियों के डीए में इजाफा करती है. इसलिए उम्मीद जताई जा रही है कि अगर अगली बार चार फीसदी का इजाफा हुआ तो डीए 46 फीसदी पर पहुंच जाएगा.

इस बार जल्दी मिल सकती है मंजूरी

दरअसल, दूसरी छमाही यानी जुलाई से दिसंबर 2023 लिए आने वाले दिनों में डीए में बढ़ोतरी का ऐलान होगा. कहा जा रहा है कि सरकार इस बार डीए में बढ़ोतरी पर फैसला जल्द ले सकती है. सामान्य तौर पर सरकार इसकी मंजूरी सितंबर या अक्टूबर में देती है. लेकिन इस बार अगस्त में ऐलान की संभावना है. बता दें कि सातवें वेतन आयोग की सिफारिशों के अनुसार, साल में दो बार डीए में बढ़ोतरी होती है. पहली छमाही के लिए डीए में चार फीसदी इजाफा हुआ है.


सैलरी स्ट्रक्चर का हिस्सा होता है डीए

डीए सरकारी कर्मचारियों की सैलरी का स्ट्रक्चर का हिस्सा होता है. महंगाई दर को देखते हुए केंद्र सरकार कर्मचारियों के डीए में इजाफा करती है. महंगाई जितनी अधिक होगी, डीए में बढ़ोतरी उतनी ही अधिक होती है. कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए महंगाई भत्ते और महंगाई राहत की गणना श्रम ब्यूरो करता है. कंज्यूमर प्राइस इंडेक्स (CPI-IW))के आधार पर इसका कैलकुलेशन किया जाता है.
सैलरी में कितनी बढ़ोतरी होगी?

अगर केंद्रीय कर्माचरियों का डीए 46 फीसदी हो जाता है, तो उनकी सैलरी में भी बढ़ोतरी होगी. मान लीजिए कि किसी केंद्रीय कर्मचारी का बेसिक पे 18,000 रुपये है. अगर 42 फीसदी के हिसाब से देखें, तो डीए 7560 रुपये बनता है. वहीं, अगर डीए बढ़कर 46 फीसदी दूसरी छमाही में हो जाता है, तो ये 8280 रुपये बनेगा. यानी सैलरी में प्रति महीने 720 रुपये का इजाफा होगा. सरकार ने साल 2022 की दूसरी छमाही में भी डीए में चार फीसदी का इजाफा किया था. इसलिए इस बार भी इतनी बढ़ोतरी की उम्मीद जताई जा रही है. हालांकि, सरकार की तरफ से इस पर अभी तक कोई आधिकारिक रूप से बयान जारी नहीं किया गया है.
17 से 42 फीसदी पर पहुंचा डीए

बता दें कि केंद्र सरकार ने केंद्रीय कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में लंबे समय बाद जुलाई 2021 में बढ़ोतरी करते हुए इसे 17 फीसदी से 28 फीसदी किया था. इसके बाद अक्टूबर 2021 में एक और 3 फीसदी का Hike देते हुए इसे 31 फीसदी किया गया था. सरकार ने मार्च 2022 में कर्मचारियों के डीए में तीन फीसदी की बढ़ोतरी की थी. इस बढ़ोतरी के बाद कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 31 फीसदी से बढ़कर 34 फीसदी पर पहुंचा गया था. इसके बाद दो बार चार-चार फीसदी का इजाफा डीए में हुआ है.

Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more