नैट में एक से तीन तक के 35 % बच्चों को ए प्लस ग्रेड

प्रयागराज,  परिषदीय प्राथमिक और कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में 11 अगस्त को आयोजित निपुण असेसमेंट टेस्ट (नैट) में कक्षा एक से तीन तक के 34.53 प्रतिशत बच्चों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक (ए प्लस ग्रेड) अर्जित कर उपलब्धि हासिल की है। यह इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि पूरे राज्य में कक्षा एक से तीन तक के औसतन 30.49 प्रतिशत बच्चों को ए प्लस ग्रेड मिला है।



जिले में कक्षा एक से तीन तक पंजीकृत 187934 छात्र-छात्राओं में से 142427 परीक्षा में शामिल हुए। इनमें से 49,180 (34.53) को ए प्लस ग्रेड मिला। 23,415 (16.44) बच्चों को ए ग्रेड (75 से 90 प्रतिशत के बीच अंक) मिला। 31,405 (22.05) बच्चों को 60 से 75 प्रतिशत के बीच अंक या बी ग्रेड मिला है। वहीं कक्षा चार से आठ तक में पंजीकृत 3,33,565 छात्र-छात्राओं में से 2,11,927 उपस्थित रहे। इनमें से 54,918 (25.91) को 90 प्रतिशत से अधिक अंक (ए प्लस ग्रेड) मिला है। 58,994 (27.84) बच्चों को ए ग्रेड (75 से 90 प्रतिशत के बीच अंक) मिला है। 44,339 बच्चों को 60 से 75 प्रतिशत के बीच अंक या बी ग्रेड मिला है।


एक से तीन तक में कौशाम्बी मंडल में सबसे पीछे


एक से तीन तक के छात्र-छात्राओं के मूल्यांकन में कौशाम्बी का प्रदर्शन मंडल में सबसे खराब रहा। कौशाम्बी के 25.90 प्रतिशत बच्चों को ए प्लस ग्रेड मिला है। प्रतापगढ़ के 28.78 प्रतिशत, जबकि फतेहपुर के 30.87 फीसदी बच्चों को ए प्लस ग्रेड हासिल हुआ है।