हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें

20 December 2023

117 स्कूलों में 40 फीसदी से कम मिली बच्चों की हाजिरी, बीएसए ने रोका वेतन


सीतापुर। परिषदीय विद्यालयों में छात्र संख्या बढ़ाने में शिक्षक असफल हो रहे हैं। 117 विद्यालयों में तो 40 फीसद से भी कम बच्चे पहुंच रहे हैं। समीक्षा में खामी मिली तो बीएसए ने प्रधानाध्यापक व सभी शिक्षकों का दिसंबर माह का वेतन रोक दिया है।


सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले नौनिहालों को दोपहर भोजन दिया जाता है। इसकी दैनिक अनुश्रवण प्रणाली से रोजाना समीक्षा होती है। शासन की तरफ से विद्यालयों में रोजाना 80 फीसद से अधिक हाजिरी किए जाने के निर्देश हैं। हाजिरी बढ़ाने के लिए तमाम जागरूकता कार्यक्रम चल रहे हैं। लेकिन कोशिशें बेकार नजर आ रही हैं। बीएसए की समीक्षा में मालूम हुआ कि नवंबर में 117 विद्यालयों में रोजाना 40 फीसदी से कम ही नौनिहालों ने एमडीएम खाया है। इस लापरवाही की गाज प्रधानाध्यापक सहित विद्यालय के शिक्षकों पर गिरी है। इन सभी का दिसंबर का वेतन रोक दिया गया है।





विकासखंडवार विद्यालय

एलिया विकास खंड के चार विद्यालयों में कम नौनिहाल आए। इसी तरह बेहटा के 10, बिसवां के दो, गोंदलामऊ का एक, हरगांव के 11, कसमंडा के तीन, खैराबाद के 11, लहरपुर सात, मछरेहटा के दो, महमूदाबाद छह, महोली नौ, मिश्रिख एक, नगर बिसवां दो, नगर मिश्रिख एक, नगर सीतापुर तीन, पहला दो, परसेंडी 10, पिसावां 15, रामपुर मथुरा एक, रेउसा के छह, सकरन के छह, सिधौली विकासखंड के चार विद्यालय शामिल है।





रोका गया है वेतन

इन विद्यालय के प्रधानाध्यापकों व शिक्षकों का वेतन रोका गया है। बीईओ के जरिए स्पष्टीकरण मांगा गया है। अगर दिसंबर में सुधार नहीं हुआ तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।

अखिलेश प्रताप सिंह, बीएसए

Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more