यूपी में हीट स्ट्रोक से 89 की मौत, मतदान वाले जिलों में सताएगी गर्मी, 1 जून को लेकर मौसम विभाग का


यूपी में अभी गर्मी से राहत मिलने वाली नहीं है। हीट स्ट्रोक के चलते यूपी के विभिन्न हिस्सों में लोगों की असमय मौत का सिलसिला भी थमने का नाम नहीं ले रहा है। बीते 24 घंटों में बुंदेलखंड, मध्य यूपी और पूर्वांचल में अलग-अलग स्थानों पर 89 लोगों की जान चली गई। वहीं आंधी-बारिश ने कई जिलों में कहर बरपाया जिसके चलते हुए हादसों में आठ लोगों ने दम तोड़ दिया। मौसम विभाग ने पहली जून को गर्मी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। शनिवार को पूर्वी उत्तर प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर लू चलने के आसार हैं।‌




आंचलिक मौसम विज्ञान केन्द्र के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि शनिवार को मतदान वाले जिलों सोनभद्र, वाराणसी, चंदौली, बलिया और गाजीपुर आदि में दिन का तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। इस दरम्यान लू का प्रकोप भी रहेगा। बीते 24 घंटों में लू से बुन्देलखंड में 59, पूर्वांचल में 26 और लखनऊ में चार लोगों की मौत की खबर है। इसके अलावा कुशीनगर में आंधी-बारिश से दो बुजुर्गों की जान चली गई और दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। शाहजहांपुर में आंधी बारिश से चार और खीरी में दो लोगों की मौत की खबर है। 

दो व तीन जून को आंधी बारिश

मौसम विभाग ने दो व तीन जून के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इस दरम्यान उत्तर प्रदेश में गरज चमक के साथ बारिश होने या बौछारें पड़ने के आसार हैं। 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी आंधी चल सकती है।

सुल्तानपुर में बना नया रिकार्ड

शुक्रवार को चढ़ते पारे ने सुल्तानपुर में नया रिकार्ड बनाया। मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार शुक्रवार को सुल्तानपुर में 46.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया जो कि इससे पहले मई के महीने में कभी भी नहीं हुआ। लखनऊ में दर्ज हुआ 45.8 डिग्री सेल्सियस तापमान इस सीजन का सबसे अधिक तापमान और अब तक के मौसमी इतिहास में चौथी बार दर्ज हुआ तापमान है।

कानपुर व मथुरा-वृंदावन सबसे गर्म

राज्य में शुक्रवार को सबसे अधिक दिन का तापमान 48.2 डिग्री सेल्सियस क्रमश: कानपुर व मथुरा-वृंदावन में दर्ज हुआ। फतेहपुर में 47.1, गौतमुबुद्धनगर में 47.4, प्रयागराज में 46.8, बागपत में 46, हमीरपुर व कन्नौज में 46.2 डिग्री सेल्सियस किया गया।

पूर्वोत्तर पर मेहरबान हुआ मानसून

उधर, राष्ट्रीय मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार दक्षिणी-पश्चिमी मानसून केरल में सक्रिय होने के बाद आगे बढ़ गया है। पूर्वोत्तर के राज्यों त्रिपुरा, मेघालय, असम में बारिश हो रही है। बंगाल की खाड़ी में आने वाले दिनों में दक्षिणी-पश्चिमी मानसून की हलचल और तेज होने के आसार हैं।

किन जिलों में कितना रहेगा तापमान

भीषण गर्मी के बीच सातवें यानी आखिरी चरण में यूपी की 13 सीटों पर शनिवार को वोटिंग होगी। पूर्वांचल की इन सीटों को लेकर मौसम विभाग ने भीषण गर्मी की आशंका जताई है। मौसम विभाग के अनुसार इन 13 सीटों पर तापमान 44 से 45 के बीच रह सकता है। सीटों के हिसाब से बात करें तो महाराजगंज में 39 से 41, गोरखपुर और कुशीनगर में 40 से 42, देवरिया में 42 से 44, बलिया, गाजीपुर, चन्दौली, वाराणसी, मिर्जापुर और राबर्ट्सगंज सु, घोसी और बासगंज सीट पर 43 से 45 तक दिन का तापमान रह सकता है।