UpdateMarts•Com
Follow Channel

20 August 2024

परिषदीय विद्यालयों में समायोजित होंगे सरप्लस शिक्षक


कौशांबी, जल्द ही अलग-अलग परिषदीय स्कूलों में सरप्लस शिक्षकों का समायोजन होगा। जहां शिक्षक अधिक हैं, वहां से उन्हें हटाकर कम शिक्षकों वाले स्कूलों में समायोजित किया जाएगा।




परिषदीय स्कूलों में बच्चों की संख्या के सापेक्ष कहीं शिक्षक ज्यादा हैं तो कहीं बहुत कम। इससे पठन-पाठन प्रभावित हो रहा है। समस्या को देखते हुए बेसिक शिक्षा विभाग ने शिक्षकों के समायोजन का निर्णय लिया। इसके लिए जुलाई महीने में प्रक्रिया पूरी करने की समय सारिणी बनी, लेकिन मामला टल गया। इसके बाद फिर संशोधित समय सारिणी आई, लेकिन इसका नतीजा भी नहीं निकल सका। जिला स्तर से मानव संपदा पोर्टल और प्रेरणा पोर्टल पर अध्यापकों एवं बच्चों का डाटा अपडेट होने के बाद राज्य स्तर से सरप्लस और रिक्तियों वाले स्कूलों की सूची का इंतजार किया जा रहा था। पिछले शनिवार को राज्य स्तर से सूची ऑनलाइन की गई, लेकिन इसमें ढेरों विसंगतियां हैं। प्रथम चरण में प्राथमिक विद्यालयों के सहायक अध्यापकों व प्रधानाध्यापकों का समायोजन होगा। इसके लिए जिले में कुल 128 शिक्षकों को सूचीबद्ध किया गया है। इनमें 123 सहायक अध्यापक और 5 प्रधानाध्यापक शामिल हैं। बीएसए कमलेंद्र कुमार कुशवाहा ने बताया कि समायोजन के लिए 128 शिक्षकों की सूची ऑनलाइन की गई है। 21 अगस्त को कार्यालय में सूची चस्पा करने के बाद 22 व 23 अगस्त को संबंधित शिक्षकों से आपत्तियां ली जाएंगी। प्राप्त प्रत्यावेदनों की जांच के बाद सूची पोर्टल पर अपलोड की जाएगी। इसके बाद शिक्षकों के समायोजन की कार्यवाही होगी।
विज्ञापन


----------------
30-35 बच्चों पर एक शिक्षक का मानक
--प्राथमिक विद्यालय में 30 बच्चों पर एक शिक्षक की तैनाती की जाएगी। इसी प्रकार उच्च प्राथमिक विद्यालय में 35 बच्चों पर एक शिक्षक की तैनाती होगी। अगर इस मानक से विद्यालय में शिक्षक अधिक हैं तो वे हटाए जाएंगे। वहीं, शिक्षक कम होने पर नए की तैनाती की जाएगी।

Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more