हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें

14 June 2025

यूपी में आठवीं तक के स्कूलों में गर्मी की छुट्टी 15 दिन बढ़ी, हीट वेव के कारण फैसला

 

यूपी में आठवीं तक के बच्चों की गर्मी की छुट्टी 15 दिन बढ़ा दी गई है। पहले स्कूल 15 जून से खुलने थे। अब आठवीं तक के सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूलों को 30 जून तक बंद रखने का आदेश हो गया है। इस संबंध में बेसिक शिक्षा परिषद के सचिव सुरेन्द्र कुमार तिवारी ने शुक्रवार को सभी बेसिक शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं। भीषण गर्मी से बच्चों को बचाने के लिए यह फैसला लिया गया है। हालांकि टीचरों और कर्मचारियों को 16 जून से तय समय सारिणी के अनुसार ही स्कूल आना होगा।




सचिव की ओर से जारी पत्र के अनुसार परिषदीय और मान्यता प्राप्त विद्यालयों में 20 मई से 15 जून तक की ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित किया गया था। वर्तमान में अत्यधिक गर्मी एवं हीट-वेव को देखते हुए 30 जून तक पठन-पाठन के लिए छात्र-छात्राएं विद्यालय में उपस्थित नहीं होंगे। एक जुलाई से पठन-पाठन के लिए छात्र-छात्राएं नियमित रूप से विद्यालय में उपस्थित रहेंगे।


शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों के लिए विद्यालय पहले से जारी समय-सारिणी के अनुसार 16 जून से ही संचालित किए जाएंगे और सभी स्टाफ विद्यालय में उपस्थित रहकर शैक्षणिक, प्रशासकीय एवं अन्य कार्यों को पूर्ण करेंगे। मान्यता प्राप्त विद्यालयों के लिए विद्यालय प्रबंध समिति निर्णय लेने के लिए अधिकृत होगी।


गौरतलब है कि पूरा यूपी इस समय भीषण गर्मी से बेहाल है। लगातार एक सप्ताह से पड़ रही भीषण गर्मी से लोगों को जनजीवन अस्तव्यस्त कर दिया है। 11 से पांच बजे के बीच जो भी बाहर सड़क पर निकला उसका चेहरा लू के थपेड़ों ने लाल कर दिया। सात जून से लगातार दिन का तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के आसपास चल रहा है। रात का तापमान भी औसत से तीन डिग्री अधिक दर्ज किया गया है। जबकि प्रयागराज में जून का औसत अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 39.5 व 28.3 डिग्री सेल्सियस रहता है।


आलम यह है कि सुबह आठ बजे से ही आसमान से आग बरसने लग रही है। इस मौसम में एसी और कूलर पूरी तरह से नाकाफी साबित हो रहे हैं। घरों की छत पर रखी टंकियों और नलों का पानी खौल जा रहा है कि छूने की हिम्मत नहीं हो रही। सात जून से ही अधिकतम तापमान 43.8 या 44 डिग्री के आसपास चल रहा है। उससे पहले छह जून को 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।


Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more