हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें

13 November 2025

शिक्षिका ने छात्र से कराई 200 उठक-बैठक, हालत बिगड़ी

संडीला (हरदोई)। किसी बात से नाराज होकर शिक्षिका ने एक छात्र से 200 उठक-बैठक करा दी। स्कूल से घर पहुंचने के बाद छात्र की हालत बिगड़ गई। परिजन बच्चे को लेकर अस्पताल भागे। जहां उसे भर्ती कर लिया गया। मामले की शिकायत पुलिस से की गई है। वहीं, मामला संज्ञान में आने के बाद स्कूल के प्रिंसिपल ने शिक्षिका को निकाल दिया है। मोहल्ला सुंबाबाग निवासी विकास तिवारी ने बताया कि उनका बेटा शहर के एक निजी स्कूल में कक्षा सात में पढ़ता है।



शनिवार को स्कूल की एक शिक्षिका ने किसी बात पर नाराज होकर बेटे को 200 उठक-बैठक करने की सजा दे दी। घर पहुंचने पर उसकी तबीयत बिगड़ी तो आपबीती बताई। परिजनों ने उसे निजी अस्पताल ले गए, जहां भर्ती कर लिया गया। विकास ने बताया कि अमानवीय सजा से मेरे बेटे की हालत गंभीर बिगड़ी है। स्कूल प्रबंधन इलाज का पूरा खर्च उठाए। इस संबंध में स्कूल के प्रिंसिपल प्रशांत निगम ने बताया कि संबंधित शिक्षिका को हटा दिया गया है। मैनेजमेंट कमेटी छात्र के इलाज की जिम्मेदारी ले रही है। कोतवाल विद्यासागर पाल का कहना है कि छात्र के परिजनों की शिकायत पर जांच कराई जा रही है। जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more