UpdateMarts•Com
Follow Channel

14 November 2025

पीपीपी मॉडल पर सौ नए सैनिक स्कूल बनेंगे:शाह

नई दिल्ली। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा है कि पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार देशभर में सार्वजनिक-निजी भागीदारी मॉडल के तहत 100 नए सैनिक स्कूल स्थापित करेगी।



शाह ने गुरुवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से गुजरात के मोतीभाई आर. चौधरी सागर सैनिक स्कूल और सागर ऑर्गेनिक प्लांट के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए ये बात कही। अमित शाह ने कहा कि केंद्र सरकार की यह पहल गुजरात सहित देश के अनेक जिलों के बच्चों को सशस्त्र बलों में सेवा करने का अवसर प्रदान करेगी। उन्होंने कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र ने पीपीपी मॉडल के तहत 100 नए सैनिक स्कूलों की स्थापना का निर्णय लिया है। मोतीभाई चौधरी सैनिक स्कूल इसी पहल का हिस्सा है।


शाह ने कहा कि मोतीभाई आर. चौधरी सागर सैनिक स्कूल का निर्माण 50 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है। स्कूल में स्मार्ट क्लासरूम, छात्रावास, पुस्तकालय और कैंटीन जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं। अमित शाह ने कहा कि सागर ऑर्गेनिक प्लांट देश और दुनिया में अमूल ब्रांड के तहत विश्वसनीय जैविक उत्पादों की आपूर्ति सुनिश्चित करने में अहम भूमिका निभाएगा। इससे जैविक खेती करने वाले किसानों को उचित लाभ मिलेगा।


शाह ने बताया कि 1960 में दूधसागर डेयरी प्रतिदिन 3,300 लीटर दूध एकत्र करती थी, जो अब बढ़कर 35 लाख लीटर प्रतिदिन हो गई है। यह डेयरी 1,250 गांवों के पशुपालकों से जुड़ी हुई है। राजस्थान, हरियाणा, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और हिमाचल प्रदेश के 10 लाख से अधिक दुग्ध उत्पादक समूहों के साथ काम कर रही है। शाह ने कहा कि डेयरी की सर्कुलर इकोनॉमी को बढ़ावा देने के लिए देशभर में 75 हजार नई प्राथमिक डेयरी सहकारी समितियां बनाई जा रही हैं।

Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more