UpdateMarts•Com
Follow Channel

14 November 2025

सरकारी शिक्षक ने निजी स्कूल में मासूम को पीटा, शौचालय में दो घंटे बंद रखा

 उरई। चुर्खी थाना क्षेत्र के सिम्हरा शेखपुरा विद्यालय में तैनात इंचार्ज प्रधानाध्यापक ने निजी स्कूल में कक्षा तीन के छात्र को बेरहमी से पीट दिया। बच्चे को शौचालय में दो घंटे तक बंधक बनाकर रखा।



घटना से बच्चे के परिजन आक्रोशित हैं। गुरुवार को शिकायत मिलने पर पुलिस ने आरोपी शिक्षक को हिरासत में लेकर बच्चे को जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया है।



शहर कोतवाली क्षेत्र के जालौन रोड पटेल नगर निवासी अरुण तिवारी का आठ साल का पुत्र सुशील नगर स्थित सुरभि पब्लिक स्कूल में कक्षा तीन में पढ़ता है। गुरुवार को इस विद्यालय में राम अवतार राठौर थे।

राम अवतार चुर्खी क्षेत्र के सिम्हरा शेखपुरा के सरकारी विद्यालय में इंचार्ज प्रधानाध्यापक के पद पर तैनात हैं।

बताया गया कि सुबह करीब साढ़े नौ बजे स्कूल में दो बच्चों के बीच मामूली झगड़ा हो गया। इसी पर शिक्षक राम अवतार राठौर ने अरुण के पुत्र को पकड़ लिया और डंडे से दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। इससे बच्चे की पीठ पर कई जगह गंभीर चोटें आईं।

बच्चे के रोने पर शिक्षक ने उसे स्कूल के शौचालय में बंद कर दिया। करीब दो घंटे तक अंदर ही बंधक बनाए रखा। स्कूल छूटने के बाद बच्चा घर पहुंचा तो रोते हुए परिजनों को पूरी घटना बताई। पिता अरुण तिवारी बच्चे को लेकर कोतवाली पहुंचे और शिक्षक के खिलाफ तहरीर दी।

कोतवाली पुलिस ने बच्चे को तुरंत जिला अस्पताल भेजा, जहां उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया। वहीं, आरोपी शिक्षक राम अवतार राठौर को हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस मामले की गम्भीरता को देखकर आरोपी शिक्षक से घटना के सम्बन्ध में पूछताछ कर रही है।

सीओ सिटी अर्चना सिंह ने बताया कि बच्चे के पिता की तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।

Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more