हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें

07 January 2026

शिक्षकों के वेतन भुगतान में देरी का मुद्दा उठाया

 मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा संघ का प्रतिनिधिमंडल राज्य कार्यकारिणी सदस्य विमलेंद्र विमल के नेतृत्व में सोमवार को डीआईओएस से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने डीआईओएस को नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए जनपद के माध्यमिक विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों की विभिन्न लंबित समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की। प्रमुख रूप से शिक्षकों के वेतन भुगतान में हो रही देरी को गंभीर मुद्दे के रूप में उठाया गया, जिससे शिक्षकों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बैठक के दौरान प्रतिनिधिमंडल द्वारा एनपीएस (नई पेंशन योजना) के राज्यांश के संबंध में जानकारी मांगे जाने पर जिला विद्यालय निरीक्षक ने आश्वस्त किया कि दिसंबर 2025 तक का राज्यांश शीघ्र ही शिक्षकों के खातों में प्रेषित कर दिया जाएगा।




इसके साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि लंबित वेतन भुगतान की प्रक्रिया लगभग पूर्ण कर ली गई है और एक-दो दिन के भीतर शिक्षकों के खातों में वेतन पहुंच जाएगा। इसके अतिरिक्त प्रतिनिधिमंडल ने बोनस एवं डीए (महंगाई भत्ता) के अवशेष भुगतान का विषय भी उठाया। इस पर डीआईओएस ने संबंधित अधिकारियों को शीघ्र स्वीकृति प्रदान कर भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, जिससे शिक्षकों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। इस अवसर पर संघ के जिला अध्यक्ष पुष्पेंद्र सिंह ने अवकाश तालिका का मुद्दा उठाते हुए महिला शिक्षिकाओं के लिए हरियाली तीज/हरितालिका तीज, ललिया छठ एवं होई अष्टमी जैसे पारंपरिक पर्वों पर अवकाश दिए जाने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि इससे महिला शिक्षिकाओं को पारिवारिक व सामाजिक दायित्वों के निर्वहन में सुविधा मिलेगी।

Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more