परिषदीय विद्यालयों में नए शैक्षिक सत्र से डिजिटल शिक्षण को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसके लिए दीक्षा एप, खान एकेडमी और द टीचर एप को बच्चों और शिक्षकों के उपयोग के लिए उपलब्ध कराया गया है। इन प्लेटफार्म पर कक्षा-वार वीडियो लेसन, इंटरैक्टिव क्विज, अभ्यास सामग्री, ई-पुस्तकें और विषयवार माड्यूल उपलब्ध हैं, जिनसे छात्र अपनी गति से पढ़ाई कर सकते हैं और कठिन विषयों को आसानी से समझ सकते हैं।
बच्चों के लिए इन एप की सबसे बड़ी उपयोगिता यह है कि वे रोचक वीडियो और गतिविधियों के माध्यम से गणित, विज्ञान और भाषा जैसे विषयों की बेहतर समझ विकसित कर सकते हैं। वहीं, शिक्षकों के लिए उपलब्ध आनलाइन प्रशिक्षण कोर्सेज के जरिये सतत क्षमता संवर्द्धन (कंटीन्यूअस प्रोफेशनल डेवलपमेंट) को प्रोत्साहित किया जाएगा, ताकि कक्षा शिक्षण और प्रभावी हो सके। गुणवत्तापरक पढ़ाई सुनिश्चित करने के लिए शिक्षकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे छात्र-छात्राओं की कार्य पुस्तिकाओं की नियमित जांच करेंगे और आवश्यक रचनात्मक फीडबैक दें। इससे विद्यार्थियों की सीखने की कमियों की पहचान समय पर होगी और उन्हें सुधारने में मदद मिलेगी।

