03 March 2026

होली की छुट्टी में भी शिक्षकों की रहेगी ड्यूटी

 

आजमगढ़। माध्यमिक शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षाएं 13 मार्च तक संचालित होनी हैं। इसी क्रम में शासन ने एक से चार मार्च तक होली के अवसर पर सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है, लेकिन यूपी बोर्ड परीक्षा से जुड़े अधिकारियों, कर्मचारियों और शिक्षकों की ड्यूटी जारी रहेगी।



होली के दौरान प्रश्न पत्रों की सुरक्षा को लेकर स्ट्रांग रूम की 24 घंटे निगरानी सुनिश्चित की गई है। संयुक्त शिक्षा निदेशक नवल किशोर ने बताया कि जारी आदेश के अनुसार अवकाश अवधि में परीक्षा कार्य से जुड़े किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को मंडलीय संयुक्त शिक्षा निदेशक की लिखित अनुमति के बिना मुख्यालय छोड़ने की अनुमति नहीं होगी।


आदेश के उल्लंघन पर संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। परीक्षा केंद्रों पर प्रश्न पत्रों की सुरक्षा और गोपनीयता बनाए रखने के लिए स्ट्रांग रूम की निरंतर निगरानी की जाएगी।


किसी भी सुरक्षा चूक की स्थिति में तत्काल मंडलीय संयुक्त शिक्षा निदेशक एवं परिषद मुख्यालय को सूचना देना अनिवार्य होगा। उन्होंने बताया कि लापरवाही पाए जाने पर केंद्र व्यवस्थापक एवं नामित प्रभारी अधिकारी के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। आपात स्थिति के लिए सभी अधिकारी व कर्मचारी अपने मोबाइल नंबर हर समय सक्रिय रखेंगे।


संपर्क न हो पाने की स्थिति को घोर लापरवाही माना जाएगा। अवकाश अवधि में परीक्षा केंद्रों के स्ट्रांग रूम का नियमित आकस्मिक निरीक्षण भी किया जाएगा, जिसमें सुरक्षा, गोपनीयता, नियुक्त कार्मिकों की उपस्थिति और सीसीटीवी नियंत्रण व्यवस्था की गहन जांच होगी।


पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में स्थापित जिला स्तरीय कंट्रोल रूम की निगरानी के लिए भी शिक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है। एक से पांच मार्च तक दो पालियों में विभिन्न विद्यालयों के शिक्षकों और कर्मचारियों को तैनात किया गया है, ताकि बोर्ड परीक्षा शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराई जा सके।