17 May 2026

कंप्यूटर शिक्षक :1056 पद, पास हुए सिर्फ 682

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में एलटी ग्रेड (सहायक अध्यापक या प्रशिक्षित स्नातक) भर्ती 2025 की कंप्यूटर विषय की प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम शनिवार को घोषित कर दिया।



सचिव गिरिजेश कुमार त्यागी के अनुसार, कंप्यूटर विषय पुरुष शाखा के 601 एवं महिला शाखा के 455 कुल 1056 पदों पर चयन के लिए पांच अप्रैल को प्रदेश के छह जिलों में आयोजित परीक्षा में पंजीकृत 70,496 अभ्यर्थियों में से 30,515 सम्मिलित हुए। प्रारम्भिक परीक्षा के आधार पर कुल 682 अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए सफल घोषित किया गया है। न्यूनतम अंक न मिलने से 15 गुना अभ्यर्थी उपलब्ध नहीं हो सके।


परीक्षा परिणाम आयोग की वेबसाइट http://uppsc.up.nic.in पर उपलब्ध है। मुख्य परीक्षा के लिए सफल अभ्यर्थियों को ऑनलाइन आवेदन आदि के संबंध में अलग से सूचना दी जाएगी। अभ्यर्थियों के प्राप्तांक/ कटऑफ अंक आदि की सूचना अन्तिम चयन परिणाम घोषित होने के बाद जारी किए जाएंगे।


2018 की कंप्यूटर भर्ती जैसे हालात


एलटी ग्रेड कंप्यूटर शिक्षक भर्ती का हाल 2018 की भर्ती की तरह हो रहा है। राजकीय विद्यालयों में पहली बार 2018 में कंप्यूटर विषय की शिक्षक भर्ती आई थी। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने कुल 1673 पद (पुरुष 898, महिला 775) पदों पर भर्ती के लिए लिखित परीक्षा 29 जुलाई 2018 को आयोजित की थी। बीएड डिग्रीधारी योग्य अभ्यर्थियों की कमी के चलते 1673 पदों में से केवल 36 उम्मीदवार ही पास हो सके थे। शेष 1637 पद खाली रह गए थे।