17 May 2026

एडेड विद्यालयों के शिक्षकों को मुफ्त मिलेगा Form-16, 75 लाख रुपये का बजट जारी

 

एडेड विद्यालयों के शिक्षकों को मुफ्त मिलेगा Form-16, 75 लाख रुपये का बजट जारी

प्रयागराज। प्रदेश के अशासकीय सहायता प्राप्त (एडेड) माध्यमिक विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को अब Form-16 निःशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए माध्यमिक शिक्षा निदेशालय ने 75 लाख रुपये का बजट जारी कर दिया है।

वित्त नियंत्रक, माध्यमिक शिक्षा निदेशालय प्रयागराज की ओर से सभी जिला विद्यालय निरीक्षकों (DIOS) को इस संबंध में आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं।

जारी आदेश के अनुसार यह धनराशि वर्ष 2026-27 के बजट मद “व्यावसायिक तथा विशेष सेवाओं के लिए भुगतान” के अंतर्गत उपलब्ध कराई गई है। इस राशि का उपयोग केवल Form-16 उपलब्ध कराने की प्रक्रिया के लिए किया जाएगा।

निर्देशों में कहा गया है कि Form-16 व्यवस्था से जुड़ी सभी भुगतान प्रक्रियाएं GEM Portal के माध्यम से ही पूरी की जाएंगी। साथ ही खर्च का पूरा विवरण निर्धारित प्रारूप में समय से उपलब्ध कराना अनिवार्य होगा।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी प्रकार की वित्तीय अनियमितता, अग्रिम, गलत या दोहरा भुगतान पाया जाता है, तो उसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों की होगी।

निदेशालय ने यह भी निर्देश दिया है कि यदि वित्तीय वर्ष समाप्त होने तक कोई धनराशि शेष बचती है, तो उसे 31 मार्च 2027 से पहले नियमानुसार समर्पित करना होगा।

इस फैसले से प्रदेश के हजारों एडेड विद्यालयों के शिक्षक एवं कर्मचारी लाभान्वित होंगे और उन्हें Form-16 प्राप्त करने में सुविधा मिलेगी।