17 May 2026

प्रदेश की 90 स्कूल टीमें राष्ट्रीय स्तर पर होंगी सम्मानित, नवाचार के लिए मिलेगा पुरस्कार

 

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की 90 स्कूल टीमों का चयन राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान के लिए किया गया है। इन टीमों को शिक्षा मंत्रालय की ओर से आयोजित “विकसित भारत बिल्डाथॉन” प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर चुना गया है।



प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में रचनात्मकता, समस्या समाधान क्षमता और नवाचार की भावना को बढ़ावा देना है। इसमें कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों ने भाग लेकर वास्तविक जीवन की समस्याओं के समाधान प्रस्तुत किए।


शिक्षा मंत्रालय द्वारा जारी परिणाम के अनुसार प्रदेश की 90 टीमों को राष्ट्रीय एवं राज्य स्तर पर पुरस्कार दिए जाएंगे। इनमें 85 नवाचार और प्रोटोटाइप जिला स्तर पर चयनित हुए हैं। विजेता टीमों को नकद पुरस्कार भी प्रदान किया जाएगा।


महानिदेशक स्कूल शिक्षा मोनिका रानी ने सभी बीएसए और डीआईओएस को निर्देश दिए हैं कि चयनित टीमों को कार्यक्रम से संबंधित जानकारी समय से उपलब्ध कराई जाए। पुरस्कार वितरण समारोह 25 मई को आयोजित होगा और राष्ट्रीय स्तर के विजेताओं को दिल्ली में सम्मानित किया जाएगा।


चयनित विद्यालयों में अंबेडकरनगर का राजकीय इंटर कॉलेज विद्युतनगर, फिरोजाबाद का एसएमडी जैन इंटर कॉलेज, मथुरा का कान्हा माखन पब्लिक स्कूल और आगरा का सेंट पीटर्स कॉलेज शामिल हैं।


गौतमबुद्धनगर के स्टेप बाय स्टेप स्कूल, रोहिल्लापुर की टीम राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए चयनित हुई है। इस टीम के प्रोटोटाइप को 2.50 लाख रुपये का पुरस्कार मिलेगा। वहीं राज्य स्तर पर चयनित दो टीमों को 25-25 हजार रुपये तथा दो अन्य नवाचार टीमों को 10-10 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।


शिक्षा विभाग के अनुसार यह पहल विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच और नवाचार संस्कृति को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।