16 May 2026

यूपी में फिर सताएगी लू, भीषण गर्मी का अलर्ट, किस शहर में कब आएगा मॉनसून?

 

उत्तर प्रदेश में मई में गर्मी की बजाए मार्च-अप्रैल जैसा मौसम अब नहीं रहेगा। आंधी और हल्की बूंदाबांदी का दौर खत्म होते ही अब सूरज के तेवर तल्ख होने वाले हैं। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है कि अगले एक सप्ताह के दौरान प्रदेश के तापमान में 3 से 5°या इससे ज्यादा की बढ़तोरी हो सकती है। प्रदेश के कई हिस्सों में लू की स्थति हो सकती है।



मौसम विभाग के अनुसार, वर्तमान में कोई प्रभावी मौसम तंत्र (जैसे पश्चिमी विक्षोभ) सक्रिय नहीं है, जिसके कारण मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा। सूरज की सीधी किरणों से होने वाली तपिश (विकिरणीय ऊष्मन) के चलते 18 और 19 मई को गर्मी अपना प्रचंड रूप दिखाएगी। दक्षिणी उत्तर प्रदेश (बुंदेलखंड और आसपास के इलाके) से लू का दौर शुरू होकर धीरे-धीरे पूरे प्रदेश को अपनी चपेट में लेगा। विभाग ने दक्षिणी जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए लोगों को दोपहर के समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।


 आज सात शहरों में पारा 40 के ऊपर चढ़ा, बांदा-प्रयागराज तपे

मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को बांदा का अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस रहा। झांसी का 42.8, उरई 43.0, हमीरपुर 41.2, आगरा 41.8, वाराणसी बीएचयू 41.2 और प्रयागराज का अधिकतम तापमान 42.8 दर्ज किया गया। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण दिनभर लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। दोपहर के समय सड़कों पर आवाजाही कम दिखाई दी और लोग गर्मी से बचने के लिए घरों में रहने को मजबूर रहे। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में गर्मी और तेज धूप से राहत मिलने की संभावना कम है। दोपहर के समय लू चलने की आशंका जताई गई है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और धूप से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है।



केरल में समय से पहले दस्तक देगा मॉनसून

गर्मी के इस सितम के बीच एक राहत भरी खबर भी है। मौसम विभाग के अनुसार, इस साल दक्षिण-पश्चिम मानसून अपनी सामान्य तिथि (1 जून) से 5 दिन पहले यानी 26 मई को ही केरल पहुंच सकता है। हालांकि, इसमें 4 दिन आगे-पीछे हो सकते हैं।


 यूपी के शहरों में मॉनसून आगमन की संभावित तारीखें

उत्तर प्रदेश में मानसून पहुंचने की सामान्य तिथि 18 जून मानी जाती है। विभाग द्वारा जारी सूची के अनुसार, विभिन्न शहरों में मानसून के पहुंचने का अनुमानित कार्यक्रम इस प्रकार है।


गोरखपुर



18-जून


वाराणसी


23-जून


लखनऊ


23-जून


प्रयागराज


23-जून


कानपुर


23-जून


झांसी


24-जून


बरेली


24-जून


मैनपुरी


25-जून


आगरा


27-जून


बिजनौर


27-जून