16 May 2026

दोनों पेपर आउट कर लिए हैं, कब मिलने आओगी....शिक्षक ने छात्रा को दिया पेपर लीक का लालच, मुकदमा



लखनऊ,  । लखनऊ विश्वविद्यालय के असिस्टेंट प्रोफेसर और एक स्नातक छात्रा के बीच कथित बातचीत की वायरल ऑडियो क्लिप से शुक्रवार को सनसनी मच गई। ऑडियो में एक असिस्टेंट प्रोफेसर कह रहा है कि मैंने तुम्हारे लिए दोनों पेपर आउट कर लिए हैं, कब मिलने आओगी। इसके अलावा कई अशोभनीय बातें भी कीं।



शुक्रवार रात परीक्षा नियंत्रक ने असिस्टेंट प्रोफेसर पर हसनगंज में केस दर्ज कराया। जानकारी पर विवि के छात्र-छात्राएं भड़क गए तो पुलिस ने असिस्टेंट प्रोफेसर को हिरासत में ले लिया। पूछताछ जारी है। कुलपति ने जांच का आदेश देते हुए 24 घंटे में रिपोर्ट तलब की है। हिन्दुस्तान वायरल ऑडियो की पुष्टि नहीं करता है।


छात्रा की ओर से विभागाध्यक्ष को लिखित शिकायत के बाद परीक्षा नियंत्रक विद्यानंद त्रिपाठी ने हसनगंज थाने में तहरीर दी। इसमें कहा कि 14-15 मई की रात में जन्तु विज्ञान विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. परमजीत सिंह और एक छात्रा में अशोभनीय वार्तालाप के तीन ऑडियो मिले हैं। उन्होंने छात्रा को अनुचित लाभ का प्रलोभन देकर विवि की परीक्षाओं के दो प्रश्नपत्र आउट करने का उल्लेख किया है, जो परीक्षा की गोपनीयता और छात्रा की गरिमा को क्षति पहुंचाने का कृत्य है। ऑडियो रिकार्डिंग भी पुलिस को सौंपी गई। क्लिप से पता चला कि शिक्षक छात्रा को फोन करता था। ऑडियो में वह कह रही है कि इस आदमी ने तीसरी बार फोन किया है।


असिस्टेंट प्रोफेसर और छात्रा के बीच बातचीत का संपादित अंश

प्रोफेसर- बच्चा, मम्मा ठीक हैं?

छात्रा- जी सर। सब ठीक है।

प्रोफेसर- चलो अच्छा, कुछ भी अगर हेल्प चाहिए होगी तो बताना। केजीएमयू और पीजीआई में ज्यादातर डॉक्टर अपने जानने वाले हैं। ठीक है ... तो मैं खुद आ जाऊंगा। कोई फाइनेंशियल सपोर्ट चाहिए होगा तो भी बताना।

छात्रा- नहीं सर, कुछ ऐसी दिक्कत नहीं है। हो जाएगा सब काम। अभी थोड़ा घर पर भी देखना है।

प्रोफेसर- नहीं बता दूंगा किस दिन मिलना होगा? कोर और इलेक्टिव दोनों पेपर मैंने तुम्हारे लिए आउट कर लिए हैं।

छात्रा- नहीं सर, मैंने पढ़ तो लिया है। सिलैबस मेरा पूरा हो गया है।

प्रोफेसर- मैंने तुम्हारे लिए पूरा पेपर निकाल रख लिया। आ जाओ बस।

छात्रा- पढ़ तो लिया है सर मैंने।

प्रोफेसर- मिलने नहीं आओगी एक बार?

छात्रा- सर, मम्मी को देख लें। इस चक्कर में घर में रुकना इंपॉर्टेंट है।

प्रोफेसर - तो मुझे बताओ, कब तक आ जाओगी मिलने एक बार।

छात्रा-सर घर पर स्टेबल हो जाए

प्रोफेसर- विदिन सेवन डेज?

छात्रा- सर, एग्जाम हो जाएं तो आते हैं

प्रोफेसर- मिलने आ जाओ, दोनों पेपर आउट कर लिए हैं तुम्हारे लिए

छात्रा- अच्छा मैं ट्राई करती हूं। घर पर देखती हूं, जिस दिन निकल पाऊंगी, वैसी ही आती हूं।

प्रोफेसर- ट्राई नहीं, आना पड़ेगा , चार दिन के अंदर आ जाओ

छात्रा- यस सर

प्रोफेसर- ओके, ओके इसके बाद प्रोफेसर से छात्रा की बातचीत बंद हो जाती है। फिर छात्रा बोलती सुनाई दे रही है, तो यह आदमी मुझे बुला रहा है। मैं जाऊंगी नहीं। मुझे नहीं चाहिए पेपर।