26 June 2026

‘पहचान’ पोर्टल पर यूपी बोर्ड के 29,210 विद्यालय, देखें सबका रिपोर्ट कार्ड

 

‘पहचान’ पोर्टल पर यूपी बोर्ड के 29,210 विद्यालय, देखें सबका रिपोर्ट कार्ड

 


प्रयागराज : यूपी बोर्ड के सभी राजकीय, माध्यमिक एवं वित्तविहीन विद्यालयों के बारे में जानकारी कोई भी घर बैठे देख सकता है। यूपी बोर्ड के सभी 29,210 माध्यमिक विद्यालयों का संपूर्ण विवरण उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद के ‘पहचान’ पोर्टल पर उपलब्ध है। इससे देखा जा सकता है कि जिला और राज्य स्तर पर किसी जिले के किस विद्यालय को क्या रैंक मिली है। पिछले 10 वर्षों में विद्यालय का बोर्ड परीक्षा परिणाम कैसा रहा है। इसके साथ ही छह बिंदुओं पर विद्यालय को ग्रेडिंग दी गई है। इससे जहां विद्यार्थी/अभिभावक विद्यालय का स्तर जान सकेंगे, वहीं विद्यालयों में भी आपस में प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी, जिससे गुणात्मक सुधार हो सकेगा।

● दस वर्षों का परीक्षाफल देखकर विद्यार्थी अनुमान लगा सकेंगे कैसा है विद्यालय

‘पहचान’ पोर्टल पर जाकर जिला और ब्लॉक का चयन करेंगे तो विद्यालय का प्रकार सामने आएगा। इसमें राजकीय, राजकीय सहायता प्राप्त और वित्तविहीन विद्यालयों का विकल्प दिखेगा। इनमें से विद्यालय चुन सकेंगे। इसके साथ ही यह जान सकेंगे कि विद्यालय में क्या-क्या सुविधाएं हैं। शिक्षण कक्ष कितने हैं। किन-किन विषयों के शिक्षक हैं। स्मार्ट क्लास है या नहीं। प्रयोगशाला है कि नहीं। कंप्यूटर कक्ष, इंटरनेट सुविधा, बिजली व पेयजल सुविधा है कि नहीं। पिछले पांच वर्षों में विद्यालय का बोर्ड परीक्षा का सफलता प्रतिशत क्या रहा। इसके अलावा जिन छह बिंदुओं पर विद्यालय को ग्रेडिंग अंक दिए गए हैं, उसमें छात्र संख्या के आधार पर अधिभोग अंक 20, व्यवस्थाएं एवं शिक्षण कक्ष आधारित अंक 20, शिक्षक संख्या एवं छात्र संख्या अनुपात आधारित अंक 40, महत्वपूर्ण अवस्थापना सुविधा आधारित अंक 30, मेधावी छात्र सूची में शामिल छात्र से संबंधित अंक 25 निर्धारित किए गए हैं। इस तरह 200 अंकों में विद्यालय को मिले अंक के आधार पर ग्रेडिंग दी गई है। गूगल मैप पर विद्यालय को ऑनलाइन देखा जा सकता है।

‘विद्यालयों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा विकसित करना उद्देश्य’

यूपी बोर्ड के सचिव भगवती सिंह ने बताया कि ‘पहचान’ पोर्टल के आकलन का उद्देश्य विद्यालयों के मध्य स्वस्थ प्रतिस्पर्धा विकसित करना है, ताकि विद्यालयों में छात्र संख्या के आधार पर शिक्षक और आवश्यक अवस्थापना सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित हो सके। राज्य ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के माध्यम से माध्यमिक विद्यालय के छात्रों द्वारा बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया जा सके।

30 तक किए जा सकेंगे यूपी बोर्ड कंपार्टमेंट-इंप्रूवमेंट परीक्षा के आवेदन

राज्य ब्यूरो, जागरण, प्रयागराज : हाईस्कूल परीक्षा 2026 में कंपार्टमेंट/कंपार्टमेंट तथा इंप्रूवमेंट कंपार्टमेंट परीक्षा के लिए अर्ह विद्यार्थियों के ऑनलाइन आवेदन करने की तिथि यूपी बोर्ड सचिव भगवती सिंह ने तीन दिन बढ़ा दी है। अब 30 जून तक ऑनलाइन आवेदन किए जा सकेंगे। अभी तक अंतिम तिथि 27 जून निर्धारित थी। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 का परिणाम 23 अप्रैल को घोषित किया गया था। इसके बाद कई परीक्षार्थियों को कंपार्टमेंट/इंप्रूवमेंट परीक्षा में सम्मिलित होने के लिए आवेदन करने का अवसर दिया गया। इसके लिए छह जून से ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू की गई। अंतिम तिथि 27 जून निर्धारित की गई थी। अंतिम तिथि अगले दो-तीन दिनों में रविवार तथा 27 जून को ईदुल अजहा होने के कारण बढ़ा दी गई है। ऐसे में इन नई तिथियों में आवेदन करने वाले परीक्षार्थी शुल्क नई जमा कर सकेंगे। इसे यूपी बोर्ड सचिव ने तिथि बढ़ाई है।