26 June 2026

500 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन शुरू

 

500 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन शुरू

पीसीएस-2026 : विज्ञापन जारी, 27 जुलाई तक स्वीकार होंगे आवेदन

 


प्रयागराज।
सम्मिलित राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा (पीसीएस) (सामान्य/विशेष चयन) परीक्षा-2026 के लिए इच्छुक अभ्यर्थियों से ऑनलाइन आवेदन शुरू हो गए हैं। इस परीक्षा के तहत पीसीएस के 500 पदों पर भर्ती की जाएगी।

उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने भर्ती का विस्तृत विज्ञापन जारी कर दिया है। पदों की संख्या बढ़ने के आसार हैं। पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा छह दिसंबर को प्रस्तावित है। प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम आने तक आयोग को जितने पदों का अधियाचन मिलेगा, उन्हें भर्ती में शामिल कर लिया जाएगा।

ऑनलाइन परीक्षा शुल्क बैंक में जमा करने व ऑनलाइन आवेदन स्वीकार किए जाने की अंतिम तिथि 27 जुलाई और ऑनलाइन प्रस्तुत आवेदन में सुधार/संशोधन व शुल्क समायोजन की अंतिम तिथि तीन अगस्त निर्धारित की गई है।

दो पालियों में 400 अंकों की होगी प्रारंभिक परीक्षा

प्रारंभिक परीक्षा दो अनिवार्य प्रश्न पत्रों की होगी, जिनके उत्तर पत्रक ओएमआर शीट के रूप में होंगे। प्रत्येक प्रश्न पत्र 200 अंकों का होगा और दोनों दो-दो घंटे की अवधि के होंगे। दोनों प्रश्न पत्र वस्तुनिष्ठ व बहुविकल्पीय प्रकार के होंगे, जिनमें क्रमशः 150 व 100 प्रश्न होंगे। प्रथम प्रश्न पत्र की परीक्षा सुबह 9:30 से 11:30 बजे और दूसरे प्रश्न पत्र की परीक्षा अपराह्न 2:30 से शाम 4:30 बजे तक होगी।

1500 अंकों की मुख्य परीक्षा व 100 अंकों का इंटरव्यू

प्रारंभिक परीक्षा में सफल अभ्यर्थी मुख्य परीक्षा में शामिल होंगे, जो 1500 अंकों की होगी। इसमें सामान्य हिंदी व निबंध के प्रश्न पत्र 150-150 अंकों और सामान्य अध्ययन के छह प्रश्न पत्र 200-200 अंकों के होंगे। सभी प्रश्न पत्र परंपरागत प्रकार के होंगे और इन्हें हल करने की अवधि तीन घंटे की होगी। मुख्य परीक्षा में सफल अभ्यर्थी 100 अंकों के साक्षात्कार (इंटरव्यू) में शामिल होंगे।

प्रारंभिक परीक्षा में नेगेटिव मार्किंग भी होगी। ऑनलाइन आवेदन से पहले अभ्यर्थियों को वन टाइम रजिस्ट्रेशन (ओटीआर) की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। ओटीआर नंबर प्राप्त होने पर ही आवेदन किया जा सकेगा।