बीएड काउंसिलिंग एक जुलाई से, प्रवेश के लिए जमा करने होंगे 5850 रुपये
झांसी : उत्तर प्रदेश राज्य संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा-2026 की ऑनलाइन काउंसिलिंग एक जुलाई से शुरू होगी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय ने काउंसिलिंग की पूरी रूपरेखा जारी करते हुए 5850 रुपये शुल्क निर्धारित किया है, जिसमें 850 रुपये काउंसिलिंग फीस शामिल है।
इस बार काउंसिलिंग पूरी तरह ऑनलाइन होगी। अभ्यर्थियों को पंजीकरण, कॉलेज विकल्प भरने और सीट आवंटन की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन ही पूरी करनी होगी। प्रदेश के सरकारी, सहायता प्राप्त और स्ववित्तपोषित बीएड कॉलेजों की करीब 2.50 लाख सीटों पर प्रवेश इसी प्रक्रिया से होगा।
विश्वविद्यालय में कुलपति प्रो. मुकेश पांडेय की अध्यक्षता में हुई कोर कमेटी की बैठक में इस बार काउंसिलिंग प्रक्रिया में बदलाव को अंतिम रूप दिया गया। निर्णय लिया गया कि मेरिट के आधार पर दो चरणों में काउंसिलिंग कराई जाएगी।
● पहले चरण में डेढ़ लाख तक की रैंक वाले अभ्यर्थियों को मिलेगा मौका
पहले चरण में एक से डेढ़ लाख तक की रैंक वाले अभ्यर्थी शामिल होंगे। पहले चरण के तहत एक से तीन जुलाई तक ऑनलाइन पंजीकरण होगा। तीन से 16 जुलाई तक अभ्यर्थी पंजीकरण के साथ कॉलेजों का विकल्प भर सकेंगे।
17 जुलाई को केवल कॉलेज चॉइस लॉक करने की सुविधा रहेगी, जबकि 18 जुलाई को सीट आवंटन किया जाएगा।
राज्य संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा के राज्य समन्वयक प्रो. सौरभ श्रीवास्तव ने बताया कि ऑनलाइन काउंसिलिंग की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अभ्यर्थी विश्वविद्यालय की वेबसाइट www.bujhansi.ac.in पर निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पंजीकरण कर काउंसिलिंग प्रक्रिया में भाग ले सकेंगे।

