लखनऊ, 25 जून 2026।
उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने प्रदेश में पड़ रही भीषण गर्मी और लू के मद्देनज़र परिषदीय विद्यालयों के संचालन समय में परिवर्तन किए जाने की मांग उठाई है। इस संबंध में संघ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेश चन्द्र शर्मा एवं महामंत्री संजय सिंह द्वारा बेसिक शिक्षा निदेशक को पत्र भेजा गया है।
पत्र में कहा गया है कि वर्तमान में बेसिक शिक्षा परिषद द्वारा संचालित विद्यालयों का समय 1 अप्रैल से 30 सितम्बर तक प्रातः 8 बजे से अपराह्न 2 बजे तक निर्धारित है। हालांकि प्रदेश के अधिकांश जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक पहुंच चुका है और दोपहर के समय तेज गर्मी तथा लू का प्रकोप बना हुआ है।
शिक्षक संघ का कहना है कि विद्यालयों की छुट्टी के समय बच्चों को अत्यधिक गर्मी का सामना करना पड़ता है, जिससे उनके स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। ऐसे में विद्यार्थियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए विद्यालयों के संचालन समय में बदलाव किया जाना आवश्यक है।
संघ ने बेसिक शिक्षा निदेशक से अनुरोध किया है कि वर्तमान मौसम परिस्थितियों को देखते हुए प्रदेश के परिषदीय विद्यालयों का समय प्रातः 7:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक निर्धारित करने का आदेश जारी किया जाए।
शिक्षक संघ का मानना है कि समय परिवर्तन से बच्चों को गर्मी और लू से राहत मिलेगी तथा शिक्षण कार्य भी सुचारु रूप से संचालित हो सकेगा। अब शिक्षकों और अभिभावकों की निगाहें बेसिक शिक्षा विभाग के निर्णय पर टिकी हुई हैं।


