FLN एवं NCRT आधारित 5 दिवसीय शिक्षक प्रशिक्षण शुरू: सभी प्राथमिक शिक्षकों को मिलेगा प्रशिक्षण, विभाग ने जारी किए विस्तृत निर्देश
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के स्कूल शिक्षा विभाग एवं समग्र शिक्षा अभियान ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए FLN (Foundational Literacy & Numeracy) तथा NCERT की नई पाठ्यपुस्तकों पर आधारित 5 दिवसीय शिक्षक प्रशिक्षण को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। यह प्रशिक्षण सभी परिषदीय प्राथमिक विद्यालयों के शिक्षकों एवं शिक्षामित्रों के लिए आयोजित किया जाएगा।
जुलाई से सितंबर तक चलेगा प्रशिक्षण
जारी समय-सारिणी के अनुसार जुलाई 2026 के प्रथम सप्ताह में ब्लॉक स्तरीय संदर्भदाताओं (Master Trainers) का प्रशिक्षण होगा। इसके बाद जुलाई के दूसरे सप्ताह से सितंबर 2026 तक ब्लॉक संसाधन केंद्र (BRC) पर शिक्षकों का पांच दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा। प्रत्येक बैच में अधिकतम 50 प्रतिभागी शामिल होंगे।
प्रशिक्षण में इन विषयों पर रहेगा विशेष फोकस
प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों को प्रभावी कक्षा-शिक्षण, FLN लक्ष्यों की प्राप्ति, NCERT की नई पुस्तकों के उपयोग, Catch-up Teaching, पढ़ने की संस्कृति (Reading Culture), सतत मूल्यांकन, गतिविधि आधारित शिक्षण तथा उपचारात्मक (Remedial) शिक्षण पर विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण के पहले दिन प्री-टेस्ट और अंतिम दिन पोस्ट-टेस्ट भी कराया जाएगा।
सभी BRC पर होंगी आधुनिक सुविधाएं
विभाग ने निर्देश दिया है कि प्रशिक्षण केंद्रों पर प्रोजेक्टर, स्क्रीन, कंप्यूटर/लैपटॉप, हाई-स्पीड इंटरनेट, कैमरा, साउंड सिस्टम, माइक्रोफोन, स्वच्छ पेयजल, शौचालय और पर्याप्त बैठने की व्यवस्था अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाए। प्रशिक्षण की ऑनलाइन मॉनिटरिंग भी की जाएगी तथा उच्च गुणवत्ता वाले फोटो और वीडियो राज्य परियोजना कार्यालय को भेजने होंगे।
उपस्थिति और गुणवत्ता पर विशेष निगरानी
प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों की 100% उपस्थिति सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी संबंधित खंड शिक्षा अधिकारी (BEO) की होगी। प्रशिक्षण का निरीक्षण जिला, मंडल और राज्य स्तर के अधिकारी करेंगे तथा ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से मॉनिटरिंग की जाएगी।
शिक्षकों को मिलेगा प्रशिक्षण भत्ता
विभाग ने प्रशिक्षण के लिए वित्तीय प्रावधान भी जारी किए हैं। ब्लॉक स्तर पर प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले प्रत्येक शिक्षक/शिक्षामित्र को 5 दिनों के लिए ₹200 प्रतिदिन (कुल ₹1000) जलपान/लंच मद में दिए जाएंगे। इसके अलावा प्रशिक्षण सामग्री, स्टेशनरी एवं अन्य व्यवस्थाओं के लिए अलग से बजट स्वीकृत किया गया है।
75 जिलों के लिए जारी हुआ बजट
राज्य परियोजना कार्यालय ने 75 जिलों के लिए प्रशिक्षण संचालन, DIET स्तर के मास्टर ट्रेनर्स, स्टेशनरी, फोटोकॉपी और प्रशिक्षण सामग्री हेतु अलग-अलग बजट जारी किया है। दस्तावेज़ में प्रत्येक जिले के लिए स्वीकृत धनराशि का विस्तृत विवरण भी शामिल है।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम राज्य में निपुण भारत मिशन के लक्ष्यों को हासिल करने, FLN आधारित शिक्षण को मजबूत बनाने और नई NCERT पाठ्यपुस्तकों के प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


