संभल में 17 अगस्त को कक्षा 1 से 12 तक के सभी स्कूल बंद, डीएम के निर्देश पर अवकाश घोषित
संभल। सावन के तीसरे सोमवार को कांवड़ियों की भारी भीड़ और शहरों व प्रमुख मार्गों पर संभावित जाम को देखते हुए संभल में 17 अगस्त 2026, सोमवार को सभी विद्यालयों में अवकाश घोषित किया गया है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संभल की ओर से 16 अगस्त को जारी आदेश के मुताबिक, कांवड़ियों द्वारा विभिन्न मंदिरों में जलाभिषेक और पूजा-अर्चना के चलते मुख्य मार्गों एवं नगरों में यातायात प्रभावित होने की आशंका है। इससे दुर्घटनाओं की संभावना को देखते हुए जिलाधिकारी संभल के निर्देश पर यह फैसला लिया गया है।
कक्षा 1 से 12 तक के स्कूल रहेंगे बंद
आदेश के अनुसार जनपद संभल के सभी माध्यमिक, परिषदीय, अशासकीय सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त और मदरसा विद्यालयों में 17 अगस्त को अवकाश रहेगा। यह आदेश सीबीएसई, आईसीएसई समेत अन्य बोर्ड से संचालित विद्यालयों पर भी लागू होगा।
अवकाश कक्षा नर्सरी से कक्षा 12 तक के विद्यालयों के लिए घोषित किया गया है।
कांवड़ यात्रा को देखते हुए फैसला
प्रशासन का कहना है कि सावन के तीसरे सोमवार पर बड़ी संख्या में कांवड़ियों के आने-जाने से प्रमुख मार्गों पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। ऐसे में विद्यार्थियों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए स्कूल बंद रखने का निर्णय लिया गया है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्य एवं प्रधानाध्यापकों को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

