16 August 2026

स्कूलों में बिना अनुमति नहीं घुस सकेंगे पत्रकार या मीडियाकर्मी, बीएसए ने जारी किए सख्त निर्देश

 

फर्रुखाबाद के स्कूलों में बिना अनुमति नहीं घुस सकेंगे पत्रकार या मीडियाकर्मी, बीएसए ने जारी किए सख्त निर्देश

फर्रुखाबाद। जिले के परिषदीय विद्यालयों में खुद को पत्रकार या मीडियाकर्मी बताकर अनधिकृत रूप से पहुंचने वाले लोगों को लेकर बेसिक शिक्षा विभाग ने सख्ती दिखाई है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी फर्रुखाबाद ने सभी स्कूलों के प्रधानाध्यापकों और शिक्षकों को निर्देश जारी कर ऐसे लोगों से सावधानी बरतने को कहा है।

जारी आदेश में कहा गया है कि कुछ व्यक्ति अथवा समूह स्वयं को पत्रकार या मीडियाकर्मी बताकर विद्यालयों में पहुंचकर कक्षाओं में बच्चों की फोटो खींचने, अभिलेख देखने और विभागीय सूचनाएं मांगने का प्रयास कर रहे हैं। आदेश में इसे विभागीय छवि को धूमिल करने वाला कृत्य बताया गया है।

पहले पहचान पत्र की करें जांच

बीएसए ने निर्देश दिए हैं कि यदि कोई व्यक्ति खुद को पत्रकार या मीडियाकर्मी बताकर विद्यालय में आता है तो उससे जिला सूचना अधिकारी द्वारा जारी परिचय पत्र दिखाने के लिए कहा जाए।

यदि संबंधित व्यक्ति परिचय पत्र दिखाता है तो उससे मांगी गई सूचनाएं उपलब्ध कराई जा सकती हैं, लेकिन किसी भी अभिलेख की फोटो नहीं खींचने देने के निर्देश दिए गए हैं।

बिना आईडी आने वालों को वापस भेजें

आदेश के मुताबिक यदि कोई व्यक्ति परिचय पत्र नहीं दिखाता है तो उसे शालीनतापूर्वक विद्यालय से बाहर जाने के लिए कहा जाए। ऐसे व्यक्ति को कोई अभिलेख नहीं दिखाया जाएगा और न ही विभागीय सूचना या जानकारी दी जाएगी।

साथ ही ऐसे मामले की तत्काल सूचना संबंधित खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) को देने के निर्देश दिए गए हैं। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि स्थिति के अनुसार संबंधित की जिम्मेदारी निर्धारित की जाएगी।

बीएसए ने सभी विद्यालयों में इन निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा है। आदेश की प्रतिलिपि जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, शिक्षा निदेशक समेत संबंधित अधिकारियों को भी भेजी गई है।