16 August 2026

वायरल वीडियो के बाद बड़ी कार्रवाई, छात्रा से शौचालय साफ कराने की आरोपी इंचार्ज प्रधानाध्यापिका निलंबित

 

वायरल वीडियो के बाद बाराबंकी में बड़ी कार्रवाई, छात्रा से शौचालय साफ कराने की आरोपी इंचार्ज प्रधानाध्यापिका निलंबित


बाराबंकी। सोशल मीडिया पर छात्रा से विद्यालय के शौचालय की साफ-सफाई कराए जाने का वीडियो वायरल होने के मामले में बेसिक शिक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी बाराबंकी ने इंचार्ज प्रधानाध्यापिका श्रीमती श्रुति पटेल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।


जारी निलंबन आदेश के अनुसार, सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो के संबंध में खंड शिक्षा अधिकारी द्वारा विद्यालय का स्थलीय निरीक्षण कराया गया। जांच के दौरान कक्षा 8 की छात्रा ज्योति ने बताया कि इंचार्ज प्रधानाध्यापिका ने उसे शौचालय में सफाई करने के लिए कहा था और शौचालय में एक बार पानी डालकर सफाई करने को कहा गया था।


मौजूद छात्र-छात्राओं ने भी इस बात की पुष्टि की। आदेश में कहा गया है कि प्रथम दृष्टया इंचार्ज प्रधानाध्यापिका द्वारा छात्रा से शौचालय की सफाई कराया जाना स्वेच्छाचारिता, मानवीय संवेदनहीनता और लापरवाही का परिचायक है।


विभागीय आदेशों की अवहेलना का आरोप


बीएसए कार्यालय द्वारा जारी आदेश में संबंधित शिक्षिका पर विभागीय आदेशों एवं निर्देशों की अवहेलना, स्वेच्छाचारिता, लापरवाही, विभाग की छवि धूमिल करने का प्रयास तथा अपने पद के दायित्वों का उचित निर्वहन न करने के आरोप लगाए गए हैं।


इन आरोपों के आधार पर तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू की गई है। निलंबन अवधि में शिक्षिका को खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय विंचको/सिंदौर से संबद्ध किया गया है।


निलंबन अवधि में वेतन की जगह मिलेगा निर्वाह भत्ता


आदेश में स्पष्ट किया गया है कि निलंबन अवधि के दौरान संबंधित शिक्षिका को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता (Subsistence Allowance) देय होगा। अन्य प्रतिकर भत्ते भी नियमानुसार मिलेंगे, हालांकि महंगाई भत्ता देय नहीं होगा। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि भुगतान के लिए संबंधित शिक्षिका को यह प्रमाण देना होगा कि वह किसी अन्य सेवा, व्यापार या व्यवसाय में संलिप्त नहीं हैं।


मामले की जांच के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। छात्रा से शौचालय साफ कराने का वीडियो वायरल होने के बाद हुई इस कार्रवाई से बेसिक शिक्षा विभाग


में हड़कंप मचा है।