16 August 2026

बेसिक में स्कूलों के आनलाइन निरीक्षण के विरोध में शिक्षक संगठन


 हाथरस: बेसिक शिक्षा परिषद के विद्यालयों का आनलाइन निरीक्षण किये जाने के दिशा निर्देश पिछले दिनों बीएसए की ओर से जारी किए गए। इस आदेश को लेकर शिक्षक संगठनों में आक्रोश व्याप्त है। रविवार को पूर्व माध्यमिक शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने सांसद और एलएलसी को ज्ञापन देकर आदेश को पीड़ादायक बताया। बीएसए की ओर से जारी किए गए आदेश को निरस्त कराए जाने की मांग की गई। सात अगस्त को बीएसए की ओर से आदेश जारी किया गया कि वीडियो कॉलिंग के जरिए परिषदीय विद्यालयों का आनलाइन निरीक्षण किया जाए। इसके लिए बीएसए रणवीर सिंह ने डिजिटल लाइव स्कूल मॉनिटरिंग सिस्टम का निर्णय लिया।





बीएसए कार्यालय में गठित विशेष अनुश्रवण टीम को आनलाइन औचक निरीक्षण किए जाने की जिम्मेदारी सौंपी गई। वीडियो काल के दौरान संबंधित प्रधानाध्यापक, प्रभारी प्रधानाध्यापक द्वारा विद्यालय परिसर,प्रार्थना स्थल, कक्षाओं, एमडीएम व्यवस्था, छात्र उपस्थिति,शिक्षकों की उपस्थिति की पड़ताल की जाएगी। वीडियो काल के दौरान जानकारी न देने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। बीएसए के इस आदेश से शिक्षकों व कर्मचारियों में खलबली मच गई। आदेश को लेकर रविवार को पूर्व माध्यमिक शिक्षक संघ के पदाधिकारी एकत्रित होकर भाजपा सांसद अनूप वाल्मीकि व एमएलसी डा. मानवेंद्र प्रताप सिंह से मिलने के लिए गए। जहां शिक्षक संगठन के पदाधिकारियों ने एक ज्ञापन दिया। ज्ञापन देने वालों में जिलाध्यक्ष राजवीर सिंह,राजवीर सिंह चौधरी,प्रांतीय प्रचारक मंत्री,अनिल कुमार, जिला महामंत्री,lप्रीतम चौहान,चंद्र प्रकाश गुप्ता,केरम सिंह,योगेश यादव,विजय वीर सिंह आदि मौजूद रहे।