03 September 2026

आउटसोर्स कर्मियों के परिवार को 40 लाख तक बीमा सुरक्षा

 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के आउटसोर्स कर्मियों से जुड़ी सभी समस्याओं को सुनने व सुलझाने के लिए बुधवार को ‘उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम’ का शुभारंभ किया। साथ ही इसकी वेबसाइट लॉन्च और लोगो का अनावरण किया। उन्होंने आउटसोर्स कर्मियों को बढ़ाए गए पारिश्रमिक के चेक सौंपे। 40 लाख रुपये तक का बीमा कवर भी प्रदान किया।


मुख्यमंत्री ने कहा कि निगम बनने से 3.5 लाख से अधिक आउटसोर्स कर्मियों ही नहीं, उनके पारिवारिक सदस्यों समेत 17-20 लाख व्यक्तियों को लाभ मिलेगा। कंपनी आउटसोर्स कर्मी को सीधे निकाल नहीं सकेगी। पहले सरकार को बताना होगा फिर जांच के बाद निर्णय होगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि मानदेय सीधे बैंक में जाएगा। घटना-दुर्घटना, आपदा का शिकार होने पर निर्धारित श्रेणी के अनुसार 20 से 40 लाख तक बीमा कवर परिवार को मिलेगा।

कर्मचारी और परिवार को स्वास्थ्य बीमा कवर भी


● एक से पांच तारीख तक सीधे खाते में पहुंचेगा वेतन, नियमित रूप से ईपीएफ व ईएसआई का अंशदान जमा होगा। ईएसआई अस्पतालों में निशुल्क इलाज।


● सरकार आउटसोर्स एजेंसी को सर्विस चार्ज देगी, कर्मचारी के पैसे से कटौती नहीं कर सकेंगे। मातृत्व अवकाश सहित सभी वैधानिक सेवा लाभ भी।


● आयुष्मान भारत से कर्मी व परिवार को पांच लाख का स्वास्थ्य बीमा कवर।