05 September 2026

यूपीटीईटी को लेकर अब तक 45 हजार से अधिक प्रत्यावेदन


यूपीटीईटी को लेकर अब तक 45 हजार से अधिक प्रत्यावेदन ऑफलाइन और ऑनलाइन माध्यम से मिल चुके हैं। अधिकांश अभ्यर्थियों ने ओएमअर शीट का गोला न भरने के कारण परिणाम रिजेक्ट होने से संबंधित है। इसके अलावा बड़ी संख्या में उन अभ्यर्थियों ने प्रत्यावेदन दिया है जो नॉर्मलाइजेशन लगने के बाद एक से भी कम अंक से फेल हो गया है। 26 अगस्त को परिणाम घोषित होने के बाद से अब तक चयन आयोग पर 10-12 हजार अभ्यर्थियों ने ऑफलाइन ज्ञापन दिया है। वहीं 30 से 35 हजार अभ्यर्थियों ने ई-मेल पर प्रत्यावेदन भेजा है।



प्रयागराज, मुख्य संवाददाता। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने 26 अगस्त को घोषित यूपीटीईटी 2026 का परिणाम वेबसाइट से हटा लिया है। अब अभ्यर्थी डिजिलॉकर के माध्यम से अपना परिणाम प्राप्त कर सकेंगे। वेबसाइट से गुरुवार को परिणाम हटने के बाद तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई थी। कुछ लोग सोशल मीडिया पर संदेश प्रसारित करने लगे कि चयन आयोग संशोधित परिणाम जारी करेगा तो कुछ लोगों का कहना था कि नॉर्मलाइजेशन को हटाकर परिणाम जारी होगा। इस संबंध में चयन आयोग के पीआरओ डॉ. संजय कुमार सिंह का कहना है कि कोई भी परिणाम केवल एक सप्ताह तक ही वेबसाइट पर रहता है। उसके बाद डिजिलॉकर पर उपलब्ध करा दिया जाता है।