05 September 2026

चार माह में 7 बड़ी परीक्षाएं कराएगा चयन आयोग

प्रयागराज, । उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग चार महीनों में सात बड़ी परीक्षाएं कराएगा। दिसंबर तक अशासकीय सहायता प्राप्त महाविद्यालयों में प्राचार्य और असिस्टेंट प्रोफेसर, सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में प्रधानाचार्य एवं प्रधानाध्यापक, प्रवक्ता (पीजीटी), प्रशिक्षित स्नातक (टीजीटी), स्पेशल टीईटी और परिषदीय प्राथमिक विद्यालयों में सहायक अध्यापकों की भर्ती के लिए भर्ती परीक्षा (सुपर टीईटी) कराने के लिए तैयारियां जोरों पर है। इनमें से प्राचार्य के 111 पदों पर भर्ती के लिए लिखित परीक्षा इसी महीने 24 सितंबर को कराई जाएगी।



वहीं सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर 2010 से पहले से कार्यरत परिषदीय शिक्षकों के लिए स्पेशल टीईटी तीन नवंबर को कराई जाएगी। इसके अलावा असिस्टेंट प्रोफेसर के 1936 पदों और प्रवक्ता के 2615 पदों पर भर्ती के लिए अगले सप्ताह से आवेदन शुरू होने की उम्मीद है। एडेड इंटर कॉलेजों में प्रधानाचार्यों के 1475 और हाईस्कूलों में प्रधानाध्यापक के 1172 पदों का विज्ञापन भी जल्द जारी होगा। इन पदों पर भर्ती के लिए अर्हता संशोधन को शासन की मंजूरी मिल चुकी है। प्रशिक्षित स्नातक (टीजीटी) के 17740 पदों पर भर्ती के लिए अर्हता संशोधन संबंधी शासन को भेजा जा चुका है और उसकी मंजूरी के बाद जल्द ही आवेदन शुरू होंगे।


परिषदीय प्राथमिक विद्यालयों में सहायक अध्यापकों के 11508 पदों पर भर्ती के लिए भी अधियाचन अपलोड हो चुका है और इसका विज्ञापन भी जारी करने की तैयारियां चल रही है। चयन आयोग के जिम्मेदार अफसरों का कहना है कि दिसंबर तक सभी परीक्षाएं करा ली जाएगी। इसका फायदा यह होगा कि विधानसभा चुनाव की अधिसूचना जारी होने के बावजूद परिणाम जारी करने में कोई अड़चन नहीं रहेगी।