05 September 2026

रुपये दोगुना करने का आरोपी शिक्षक निलंबित

प्रयागराज, । तीन महीने में पैसे दोगुना करने का लालच देकर करोड़ों रुपये की ठगी करने के आरोपी परिषदीय शिक्षक सतीश चंद्र यादव को बीएसए अनिल कुमार ने निलंबित कर दिया है।



बीईओ होलागढ़ ने एक सितंबर को बीएसए को सूचित किया कि उच्च प्राथमिक विद्यालय पूरबनारा के इंचार्ज प्रधानाध्यापक अजय कुमार मिश्र ने शिकायत की है कि विद्यालय में कार्यरत सहायक अध्यापक सतीश चन्द्र यादव नौ मार्च से बिना किसी सूचना के अनुपस्थित है। उनके संबंध में कुछ बाहरी लोग विद्यालय में आकर पूछताछ करते हैं और बताते हैं कि उन्होंने तीन माह में पैसे दोगुने करने का लालच देकर करोड़ों रुपये डकार लिया है। यही नहीं ठगी का शिकार लोग आए दिन विद्यालय में हंगामा करते हैं जिसके कारण पठन-पाठन बुरी तरह प्रभावित होता है। इधर कुछ दिनों से निजी बैंकों के कर्मचारी चार पहिया वाहन से विद्यालय आकर इनके विषय में पूछताछ करते है। बैंककर्मियों ने बताया कि सतीश ने लोन लिया है जिसे जमा नहीं कर रहे हैं। आए दिन विद्यालय में इस तरह गतिविधि से बच्चों में डर व्याप्त हो जाता है और वह स्कूल से भाग जाते है। गंभीर शिकायतों पर बीएसए ने सतीश चन्द्र यादव को निलंबित करते हुए कार्यालय खंड शिक्षा अधिकारी उरूवा से संबद्ध किया है।