छात्रवृत्ति के लिए अब तक 17497 ने भरा फॉर्म
प्रयागराज, राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा के लिए दो सितंबर तक पूरे प्रदेश से केवल 17497 छात्र-छात्राओं ने ही आवेदन किया है। उत्तर प्रदेश को आवंटित 15143 सीटों के सापेक्ष 1.50 से दो लाख आवेदन का लक्ष्य दिया गया था, लेकिन तमाम जिलों में आवेदनों की संख्या 100 से भी कम है। बेसिक शिक्षा निदेशक अनिल भूषण चतुर्वेदी ने बेसिक शिक्षा विभाग के सभी अधिकारियों को निर्देशित किया है कि लक्ष्य के सापेक्ष प्रगति के लिए प्रभावी कार्यवाही की जाए। खंड शिक्षाधिकारियों और एकेडमिक रिसोर्स पर्सन (एआरपी) को टारगेट आवंटित करते हुए अधिक से अधिक आवेदन करवाने को कहा गया है।
नौ से 12 तक प्रतिमाह एक हजार की छात्रवृत्ति
छात्रवृत्ति परीक्षा में सफल छात्र-छात्राओं को कक्षा नौ से 12 तक प्रतिमाह एक हजार रुपये की छात्रवृत्ति सीधे खाते में भेजी जाएगी। अभ्यर्थियों को कक्षा सात की परीक्षा न्यूनतम 55 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण करने वाले और वर्तमान सत्र में राजकीय, सहायता प्राप्त स्थानीय निकाय (परिषदीय) के विद्यालयों में कक्षा आठ में अध्यनरत होना चाहिए। जवाहर नवोदय विद्यालय, केंद्रीय विद्यालय, सैनिक स्कूल, राजकीय आवासीय एवं प्राइवेट विद्यालय में अध्यनरत विद्यार्थी इस परीक्षा में सम्मिलित नहीं हो सकते।

