परिषदीय प्राथमिक स्कूलों में सहायक अध्यापकों के 60 हजार पद पर भर्ती की मांग को लेकर बेरोजगार शनिवार से बेमियादी धरने पर बैठ गए। बेरोजगारों का कहना है कि हाल ही में बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह ने यह स्वीकार किया है कि बेसिक शिक्षा विभाग के ग्रामीण क्षेत्रों में 48,883 और शहरी क्षेत्रों में 12,075 पद रिक्त हैं। इसके बावजूद आठ वर्षों के लंबे अंतराल के बाद भी सरकार केवल 11,508 पदों पर ही भर्ती करने जा रही है।प्रदेश में 15 से 20 लाख अभ्यर्थी टीईटी एवं सीटीईटी उत्तीर्ण कर शिक्षक भर्ती का इंतजार कर रहे हैं।
ऐसे में जब तक 60 हजार पदों पर भर्ती शुरू नहीं होती उनका धरना तब तक जारी रहेगा। धरना देने वालों में डीएलएड मोर्चा के अध्यक्ष रजत सिंह, लवकुश मौर्या, तेज प्रताप यादव, मुकेश कुमार, पवन पांडेय, आकाश द्विवेदी, सुभाष, दीपक, अजीत, धर्मवीर, शिखा यादव, अंजली आदि शामिल रहीं।

