07 September 2026

इश्क वाला सरप्राइज : प्रेमिका ने मांगे समोसे तो आधी रात को ही लेकर पहुंचा किशोर, चोर समझकर धुना


औंग,  । मोहब्बत में लोग चांद-तारें तोड़ लाने के दावे तो अक्सर करते हैं, पर एक नाबालिग आशिक ने अपनी महबूबा की छोटी सी फरमाइश पूरी करने के लिए आधी रात को ही 'सीक्रेट मिशन' शुरू कर दिया। प्रेमिका की कस्बे के मशहूर समोसे खाने की इच्छा क्या जागी, किशोर अपने तीन दोस्तों को साथ लेकर सीधे उसके घर की चौखट पर जा धमका। लेकिन, उनका यह इश्क वाला सरप्राइज तब भारी पड़ गया जब घर के अंदर दाखिल होते ही मां की नींद खुल गई और चोर-चोर के शोर पर दौड़े आए ग्रामीणों ने चारों 'समोसा बॉयज' की ऐसी खातिरदारी की कि उनके सारे अरमान पलभर में ठंडे पड़ गए।


सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया है। मामले में शामिल सभी लोग नाबालिग हैं। प्रकरण की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। - दिनेश शुक्ला, थाना प्रभारी

एक गांव निवासी 14 वर्षीय किशोरी चार माह पहले बुआ के यहां हरचंदपुर गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने गई थी। वहां उसकी मुलाकात पड़ोसी गांव के हमउम्र किशोर से हुई। दोनों के बीच दोस्ती हो गई। घरवालों के डर से दोनों फोन पर बातचीत करने लगे। शनिवार शाम किशोरी ने समोसे खाने की इच्छा जताई। किशोर ने देर शाम औंग कस्बे की प्रसिद्ध दुकान से समोसे खरीदे और रात को अपने तीन दोस्तों के साथ किशोरी के गांव पहुंच गया। किशोरी ने दरवाजा खोल दिया। चारों किशोर अंदर दाखिल ही हुए थे कि किशोरी की मां की नींद खुल गई। घर में चार अजनबियों को देखकर उसने चोर-चोर का शोर मचा दिया। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और चारों किशोरों को पकड़कर उनकी पिटाई कर दी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। किशोरी के परिजनों को जब दोनों के प्रेम प्रसंग की जानकारी हुई तो उन्होंने किशोरी को अपने साथ रखने से इनकार कर दिया।