07 September 2026

UPTET: नहीं बदलेंगे नतीजे, डिजी लॉकर में भेजे जाएंगे परीक्षा परिणाम

प्रयागराज : उप्र शिक्षा सेवा चयन आयोग की ओर से पिछले दिनों हुई शिक्षक पात्रता परीक्षा के नतीजे वेबसाइट से हटा दिए गए हैं। उन्हें अभ्यर्थियों के डिजी लॉकर में भेजा जाएगा। यह सामान्य प्रक्रिया है। आयोग का कहना है कि सभी परीक्षा परिणाम एक सप्ताह तक ही रखे जाते हैं। 26 अगस्त को जो परीक्षा परिणाम घोषित किए गए हैं, उसे डिजी लॉकर में भेजने की प्रक्रिया गतिमान है। तीन चार दिन में यह कार्य पूरा हो जाएगा।

शिक्षा सेवा चयन आयोग के उप सचिव संजय सिंह ने उन आशंकाओं को निराधार बताया, जिसमें कहा जा रहा है कि परीक्षा परिणाम बदल जाएंगे। साफ किया कि बहुत से अभ्यर्थियों ने अपने अंक और परीक्षा परिणाम को लेकर आपत्ति जताई है। कुछ अभ्यर्थियों ने ओएमआर शीट भरने में गड़बड़ी के कारण परीक्षा परिणाम रिजेक्ट किए जाने पर भी आपत्ति की है। इसे लेकर वे ज्ञापन दे चुके हैं। अभ्यर्थियों का दावा है कि प्रश्नों के उत्तर उन्होंने सही दिए हैं लेकिन ओएमआर शीट पर अनुक्रमांक भरने में गलती के कारण परीक्षा परिणाम रिजेक्ट की श्रेणी में आ गया है। यह मानवीय भूल है। इसे माफ किया जाना चाहिए।

आयोग सभी से आनलाइन प्रत्यावेदन ले रहा है। दस सितंबर तक का समय है। इन प्रत्यावेदनों पर कमेटी अंतिम निर्णय लेगी। शासनादेश का उल्लंघन न होने पर अभ्यर्थियों के पक्ष में निर्णय हो सकता है लेकिन इस पर कमेटी ही अंतिम निर्णय लेगी।


UPTET Certificate DigiLocker से डाउनलोड करने के आसान स्टेप्स