बेसिक शिक्षा शिक्षक सेवा नियमावली 1981 पर बड़ा सवाल: क्या अब चयन के नियम तय करेगा शिक्षा सेवा चयन आयोग? शैक्षिक गुणांक और 60:40 भारांक पर छिड़ी बहस
बेसिक शिक्षा शिक्षक नियमावली 1981:
राहुल पांडे अविचल
सत्य यह है कि जिस अधिनियम 1972 की धारा 19 के अधीन बेसिक शिक्षा शिक्षक नियमावली 1981 बनाई गई, वह अधिनयम उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग अधिनियम 2023 के अधीन हो गया है।
अभी हाल ही में नगर क्षेत्र में जो भर्ती आई है और उसका चयन का आधार उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने शिक्षक भर्ती परीक्षा के संपूर्ण अंक को बना दिया है। जबकि बेसिक शिक्षा शिक्षक नियमावली 1981 में चयन का आधार रूल 14(3) में शिक्षक भर्ती परीक्षा का 60 फीसदी अंक और हाई स्कूल, इंटर मीडिएट, स्नातक और प्रशिक्षण का दस दस फीसदी अंक अर्थात योग 40 फीसदी अंक है।
बिना बेसिक शिक्षा शिक्षक नियमावली 1981 में संशोधन हुए ही उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने शैक्षिक गुणांक को नकार दिया है।
इसपर जब शैक्षिक गुणांक समर्थकों ने नगरीय शिक्षक भर्ती के चयन के आधार को चुनौती दिया तो उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने जवाब लगाया है कि जिस अधिनियम 1972 से वह बेसिक शिक्षा शिक्षक नियमावली बनी है वह अधिनियम ही मुझमें समाहित हो गया है। हम बेसिक शिक्षा शिक्षक नियमावली 1981 के किसी भी चयन के आधार या उससे संबंधित नियम कानून को मानने के लिए बाध्य नहीं हैं।
उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा (अध्यापक) सेवा नियमावली, 1981 उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा अधिनियम, 1972 की धारा 19 के अधीन बनाई गई है। यह नियमावली बेसिक शिक्षा परिषद के अधीन नर्सरी, जूनियर बेसिक और सीनियर बेसिक स्कूलों के अध्यापकों की सेवा शर्तों, भर्ती, पदोन्नति, ज्येष्ठता और अन्य मामलों को नियंत्रित करती है।
नियमावली का पहला भाग सामान्य प्रावधानों से संबंधित है। नियम 1 में इसका संक्षिप्त नाम और तुरंत लागू होने का उल्लेख है। नियम 2 में महत्वपूर्ण परिभाषाएँ दी गई हैं, जैसे अधिनियम, नियुक्ति प्राधिकारी (जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी), बेसिक स्कूल, परिषद, अध्यक्ष, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जूनियर और सीनियर बेसिक स्कूल, स्थानीय क्षेत्र, नर्सरी स्कूल, ग्रामीण और नगरीय स्थानीय क्षेत्र, चयन समिति, सेवा, अध्यापक, प्रशिक्षण संस्था, प्रशिक्षण, अध्यापक पात्रता परीक्षा, प्रशिक्षु शिक्षक और शिक्षामित्र। नियम 3 स्पष्ट करता है कि यह नियमावली परिषद को स्थानांतरित स्थानीय निकायों के अध्यापकों तथा परिषद द्वारा स्थापित स्कूलों के अध्यापकों पर लागू होती है।
दूसरा भाग संवर्ग और सदस्य संख्या से जुड़ा है। नियम 4 के अनुसार प्रत्येक स्थानीय क्षेत्र के लिए अलग-अलग संवर्ग होंगे। संवर्ग की सदस्य संख्या और पदों की संख्या परिषद द्वारा सरकार के पूर्वानुमोदन से निर्धारित की जाएगी। नियुक्ति प्राधिकारी पदों को रिक्त छोड़ सकता है और परिषद अस्थायी पद भी सृजित कर सकती है।
तीसरा भाग भर्ती के स्रोतों से संबंधित है। नियम 5 विभिन्न पदों पर भर्ती की रीति बताता है। नर्सरी स्कूल की अध्यापिका और जूनियर बेसिक स्कूल के सहायक अध्यापक/अध्यापिका सीधी भर्ती से भरे जाएंगे। इसके अतिरिक्त शिक्षामित्रों की भी नियुक्ति का प्रावधान है। नर्सरी और सीनियर बेसिक स्कूलों के प्रधान अध्यापक/अध्यापिका पदोन्नति से भरे जाएंगे। सीनियर बेसिक स्कूलों के विज्ञान-गणित के सहायक अध्यापक/अध्यापिका के पदों पर 50 प्रतिशत सीधी भर्ती और 50 प्रतिशत पदोन्नति से भर्ती होगी, बेसिक शिक्षा शिक्षक नियमावली 1981 के पंद्रहवें संशोधन से गणित विज्ञान के रिक्त पदों का आधा पद सीधी भर्ती हेतु आया था जिसपर 29334 भर्ती का विज्ञापन आया और अब तक वह भर्ती पूरी हो रही है लेकिन बेसिक शिक्षा शिक्षक नियमावली 1981 के बीसवें संशोधन से गणित विज्ञान के सम्पूर्ण रिक्त पद पदोन्नति से भरे जायेंगे। सीधी भर्ती का प्राविधान खत्म कर दिया गया। जबकि अन्य विषयों के सहायक अध्यापक/अध्यापिका तथा प्रधान अध्यापक/अध्यापिका पदोन्नति से भरे जाएंगे। यदि पदोन्नति के लिए उपयुक्त अभ्यर्थी उपलब्ध न हों तो सीधी भर्ती की जा सकती है।
चौथा भाग अर्हताओं से संबंधित है। नियम 6 में आयु सीमा निर्धारित की गई है। सीधी भर्ती के लिए अभ्यर्थी की आयु संबंधित वर्ष की प्रथम जुलाई को 21 वर्ष से कम और 40 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए। अनुसूचित जाति, जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, भूतपूर्व सैनिक, बेसिक स्कूल के अध्यापकों तथा कुछ विशेष प्रशिक्षित अभ्यर्थियों के लिए आयु सीमा में छूट का प्रावधान है। शिक्षामित्रों के लिए अधिकतम आयु सीमा 60 वर्ष तक हो सकती है। नियम 7 राष्ट्रीयता संबंधी शर्तें बताता है। अभ्यर्थी भारत का नागरिक होना चाहिए या निर्धारित श्रेणियों में आने वाला व्यक्ति होना चाहिए, जिसके लिए पात्रता प्रमाण-पत्र आवश्यक हो सकता है। नियम 8 शैक्षिक और प्रशिक्षण अर्हताओं का विस्तृत उल्लेख करता है। जूनियर बेसिक स्कूल के सहायक अध्यापक के लिए स्नातक उपाधि के साथ बीटीसी, द्विवर्षीय बीटीसी, विशिष्ट बीटीसी, बीएलएड या समकक्ष प्रशिक्षण तथा अध्यापक पात्रता परीक्षा उत्तीर्ण होना आवश्यक है। प्रशिक्षु शिक्षक और शिक्षामित्रों के लिए भी अलग-अलग अर्हताएँ निर्धारित हैं। विज्ञान, गणित या अन्य विषयों के अध्यापन के लिए संबंधित विषय में स्नातक तथा प्रशिक्षण अर्हता और अध्यापक पात्रता परीक्षा आवश्यक है। उर्दू भाषा के अध्यापन के लिए विशेष अर्हताएँ दी गई हैं। पदोन्नति के लिए न्यूनतम अनुभव की शर्तें भी नियम 8 में हैं। जूनियर बेसिक स्कूल के प्रधानाध्यापक और सीनियर बेसिक स्कूल के सहायक अध्यापक के लिए पाँच वर्ष का अनुभव तथा सीनियर बेसिक स्कूल के प्रधानाध्यापक के लिए तीन वर्ष का अनुभव आवश्यक है। उपयुक्त अभ्यर्थी न होने पर अनुभव में शिथिलता दी जा सकती है।
नियम 9 आरक्षण का प्रावधान करता है, जो समय-समय पर प्रवृत्त अधिनियम और सरकारी आदेशों के अनुसार होगा। नियम 10 भूतपूर्व सैनिकों और कुछ अन्य श्रेणियों के लिए आयु, अर्हता या प्रक्रियात्मक अपेक्षाओं में शिथिलीकरण की अनुमति देता है। नियम 11 चरित्र संबंधी शर्त बताता है कि अभ्यर्थी का चरित्र सेवा के लिए उपयुक्त होना चाहिए। पदच्युत या नैतिक अधमता के अपराध में दोषसिद्ध व्यक्ति पात्र नहीं होंगे। नियम 12 वैवाहिक प्रास्थिति से संबंधित है। एक से अधिक पत्नी वाले पुरुष या ऐसी महिला जिसने विवाहित पुरुष से विवाह किया हो, सामान्यतः पात्र नहीं होंगे, परंतु विशेष कारण होने पर छूट दी जा सकती है। नियम 13 शारीरिक स्वस्थता की शर्त रखता है। अभ्यर्थी मानसिक और शारीरिक दृष्टि से स्वस्थ होना चाहिए तथा मुख्य चिकित्साधिकारी का स्वस्थता प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करना होगा।
सीधी भर्ती की प्रक्रिया नियम 14 से 17 में दी गई है। नियम 14 में जूनियर बेसिक स्कूल के सहायक अध्यापक पदों के लिए रिक्तियों का निर्धारण, परीक्षा निकाय द्वारा परीक्षा, विज्ञापन, आवेदन आमंत्रण, गुणवत्ता अंकों के आधार पर सूची तैयार करना तथा शिक्षामित्रों की नियुक्ति की प्रक्रिया विस्तार से बताई गई है। शिक्षामित्रों की सूची जन्मतिथि के आधार पर बनाई जाती है। चयन का अधिकार अब उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग को दे दिया गया है।
नियम 15 सीनियर बेसिक स्कूल के कुछ सहायक अध्यापक पदों के लिए रिक्तियों की अधिसूचना और पात्र अभ्यर्थियों की सूची तैयार करने की प्रक्रिया बताता है। नियम 16 चयन समिति का गठन करता है, जिसमें जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान के प्राचार्य अध्यक्ष, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सदस्य-सचिव तथा अन्य अधिकारी सदस्य होते हैं। आवश्यकता पड़ने पर आरक्षित वर्गों का प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया जाता है। नियम 17 चयन समिति द्वारा शैक्षणिक अभिलेखों और पात्रता के सत्यापन के बाद सूची नियुक्ति प्राधिकारी को अग्रसारित करने का प्रावधान करता है।
पाँचवाँ भाग पदोन्नति द्वारा भर्ती से संबंधित है। नियम 18 के अनुसार पदोन्नति अनुपयुक्त को अस्वीकार करते हुए ज्येष्ठता के आधार पर चयन समिति के माध्यम से की जाएगी। नियुक्ति प्राधिकारी पात्रता सूची तैयार करेगा, चयन समिति अभिलेखों के आधार पर विचार करेगी और चयनित अभ्यर्थियों की सूची ज्येष्ठता क्रम में अग्रसारित करेगी।
छठा भाग अन्य उपबंधों से संबंधित है। नियम 19 मौलिक नियुक्ति का प्रावधान करता है। अभ्यर्थियों को संबंधित सूची के क्रम में नियुक्त किया जाएगा और चरित्र सत्यापन अनिवार्य होगा। नियम 20 के अनुसार सभी नियुक्तियाँ लिखित आदेशों द्वारा की जाएँगी। नियम 21 स्थानांतरण की प्रक्रिया बताता है। स्थानांतरण अध्यापक के अनुरोध या सहमति तथा परिषद के अनुमोदन के बिना ग्रामीण से नगरीय क्षेत्र या एक जिले से दूसरे जिले में नहीं किया जा सकता। नियम 22 ज्येष्ठता निर्धारित करता है। ज्येष्ठता मौलिक नियुक्ति के दिनांक से अवधारित होगी। एक ही दिनांक को नियुक्त होने पर सूची में नाम आने के क्रम से ज्येष्ठता तय होगी। स्थानांतरित अध्यापक की ज्येष्ठता नए क्षेत्र की सूची के सबसे नीचे रखी जाएगी। नियम 23 परिवीक्षा का प्रावधान करता है। मौलिक रिक्ति पर नियुक्ति के बाद एक वर्ष की परिवीक्षा होगी, जिसे बढ़ाया जा सकता है। असंतोषजनक कार्य होने पर प्रत्यावर्तित या सेवा समाप्त की जा सकती है। नियम 24 स्थायीकरण से संबंधित है। परिवीक्षा अवधि के अंत में उपयुक्त पाए जाने और सत्यनिष्ठा प्रमाणित होने पर नियुक्ति स्थायी की जाएगी। नियम 25 वेतनमान सरकार द्वारा निर्धारित होने का उल्लेख करता है। प्रशिक्षु शिक्षक को विशेष प्रशिक्षण पूरा होने तक नियत वेतन मिलेगा। नियम 26 परिवीक्षा अवधि में वेतनवृद्धि की शर्त बताता है। नियम 27 दक्षतारोध पार करने के मानदंड निर्धारित करता है। नियम 28 पक्ष समर्थन को प्रतिबंधित करता है। किसी भी प्रकार का समर्थन प्राप्त करने का प्रयास अनर्हता का कारण बन सकता है। नियम 29 अधिवर्षिता की आयु 62 वर्ष निर्धारित करता है। शैक्षणिक सत्र के दौरान सेवानिवृत्ति होने पर अध्यापक अगले 30 जून तक कार्य कर सकता है। जिसे कि 31 मार्च कर दिया गया है।
परिशिष्ट-1 में अभ्यर्थियों के चयन के लिए गुणवत्ता अंक और भारांक दिए गए हैं। हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक और प्रशिक्षण अर्हता के प्राप्तांक प्रतिशत का दस प्रतिशत तथा सहायक अध्यापक भर्ती परीक्षा के प्राप्तांक प्रतिशत का साठ प्रतिशत लिया जाता है। शिक्षामित्र या अध्यापन अनुभव के लिए प्रत्येक पूर्ण वर्ष के लिए ढाई अंक दिए जाते हैं, अधिकतम पच्चीस अंक तक। इसे निर्धारित करने का अधिकार भी अब उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग अपना मानने लगा है।
इस प्रकार पूरी नियमावली बेसिक शिक्षा के अध्यापकों की भर्ती, पदोन्नति, सेवा शर्तों और प्रशासनिक व्यवस्था को व्यवस्थित रूप से नियंत्रित करती है।
अविचल
