हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें

18 November 2026

तीन प्रधानाध्यापक समेत 47 शिक्षक मिले अनुपस्थित, थमाया नोटिस

एटा। जिले में विभिन्न अधिकारियों की ओर से किए गए निरीक्षण में तीन प्रधानाध्यापक समेत कुल 47 शिक्षक और शिक्षण कर्मचारी अनुपस्थित मिले। बीएसए अनुपम अवस्थी ने सभी अनुपस्थित शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी कर तीन दिन के अंदर स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए हैं। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर संबंधित शिक्षकों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

जिले में 6 नवंबर से 14 नवंबर तक खंड शिक्षा अधिकारियों, जिला समन्वयकों समेत अन्य अधिकारियों ने ऑनलाइन प्रेरणा निरीक्षण एप के माध्यम से परिषदीय विद्यालयों का निरीक्षण किया। इस दौरान कई विद्यालयों में शिक्षक बिना किसी पूर्व सूचना के अनुपस्थित पाए गए। निरीक्षण में कुल 47 शिक्षक और शिक्षण कर्मचारी गैरहाजिर मिले।
विज्ञापन




इनमें 27 शिक्षामित्र, 15 सहायक अध्यापक, दो अनुदेशक और तीन प्रधानाध्यापक शामिल हैं। निरीक्षण रिपोर्ट के आधार पर बीएसए ने सभी संबंधित कर्मचारियों को नोटिस जारी कर निर्धारित समय में अपना पक्ष रखने को कहा है। निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित मिलने और संतोषजनक स्पष्टीकरण न देने वाले शिक्षकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन





समय से 15 मिनट पहले पहुंचना होगा विद्यालय
बीएसए अनुपम अवस्थी ने शिक्षकों को निर्देशित किया है कि टाइम एंड मोशन स्टडी के आधार पर सभी शिक्षक शिक्षण अवधि शुरू होने से 15 मिनट पहले विद्यालय पहुंचना सुनिश्चित करें। इसके साथ ही शिक्षण अवधि समाप्त होने के बाद भी 30 मिनट तक विद्यालय में उपस्थित रहना होगा। इस अतिरिक्त समय में शिक्षक आगामी कार्यदिवस की कक्षा शिक्षण की रूपरेखा तैयार करेंगे।
 

6 नवंबर से 14 नवंबर तक जिले के परिषदीय विद्यालयों में विभिन्न अधिकारियों द्वारा निरीक्षण किया गया जिसमें 47 शिक्षक अनुपस्थित मिले। उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। - अनुपम अवस्थी, बीएसए

Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more