टीजीटी भर्ती में स्नातक स्तर पर न्यूनतम अंक प्रतिशत की शर्त में उन अभ्यर्थियों को राहत दी गई है, जिन्होंने 29 जुलाई, 2011 से पहले शिक्षा में स्नातक (बीएड) या प्रारंभिक शिक्षा में स्नातक या उसके समकक्ष पाठ्यक्रम में प्रवेश लिया था। दो दिन पहले अभ्यर्थियों ने शिक्षा सेवा चयन आयोग को बताया था कि तकनीकी खामी के कारण वे पोर्टल पर आवेदन नहीं कर पा रहे हैं। आयोग ने अब पोर्टल पर जरूरी सुधार कर दिया है और अभ्यर्थी आवेदन भी कर रहे हैं, लेकिन उन्हें जो प्रिंटआउट मिल रहा है, वह गलत आ रहा है।
अभ्यर्थियों का कहना है कि 29 जुलाई से पहले बीएड करने वालों के लिए 12 नवंबर से पोर्टल पर "बीएड प्रवेश वर्ष" का एक कॉलम जोड़ा गया। "बीएड उत्तीर्ण वर्ष" का एक और कॉलम भी जोड़ा गया है। अब नई समस्या यह है कि फॉर्म का जो प्रिंट मिल रहा है, उसमें गड़बड़ी है। उसमें बीएड उत्तीर्ण वर्ष एक साल पहले का दिख रहा है, जबकि बीएड प्रवेश वर्ष प्रिंटआउट में आ ही नहीं रहा है।
उदाहरण के लिए, अगर किसी अभ्यर्थी ने बीएड प्रवेश वर्ष 2011 और उत्तीर्ण वर्ष 2012 भरा है, तो उसके प्रिंटआउट में उत्तीर्ण वर्ष 2011 लिखा आ रहा है। प्रवेश वर्ष तो प्रिंटआउट में दर्ज ही नहीं हो रहा।
अभ्यर्थियों की चिंता यह है कि मुख्य फॉर्म अब लॉक हो चुका है। अगर संशोधन की तिथि पर भी उत्तीर्ण वर्ष और प्रवेश वर्ष दोनों नहीं दिखेंगे, तो वे संशोधन कैसे करेंगे?

