हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें

09 November 2026

उत्पीड़न के आरोपों पर प्रभारी प्रधानाध्यापक ने उठाए सवाल, निष्पक्ष जांच की मांग

सुकरौली। क्षेत्र के एक परिषदीय विद्यालय में सहायक अध्यापिका की ओर से प्रभारी प्रधानाध्यापक पर उत्पीड़न के आरोप लगाने के मामले में नया मोड़ आ गया है। प्रभारी प्रधानाध्यापक का दावा है कि उन्होंने 28 सितंबर को ही शिक्षिका की कार्यप्रणाली और अनियमित उपस्थिति को लेकर खंड शिक्षा अधिकारी से लेकर जिला स्तर तक शिकायत की थी। इसके बावजूद मामले में प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।
प्रभारी प्रधानाध्यापक तारकेश्वर तिवारी के अनुसार, संबंधित शिक्षिका सप्ताह में केवल एक-दो दिन विद्यालय आती हैं और पूरे सप्ताह की उपस्थिति दर्ज कर चली जाती हैं। इस पर रोक लगाने या सवाल करने पर वह विवाद करने और मारपीट पर आमादा हो जाती हैं। उन्होंने कहा कि विद्यालय में कार्यरत अन्य महिला कर्मचारियों से भी शिक्षिका के व्यवहार के बारे में जानकारी ली जा सकती है।
 




तारकेश्वर तिवारी ने मांग की कि अधिकारी विद्यालय पहुंचकर शिक्षकों, विद्यार्थियों और अभिभावकों से बातचीत करें और निष्पक्ष जांच कर वास्तविक स्थिति सामने लाएं। उनका आरोप है कि अपनी उपस्थिति और कार्यप्रणाली से जुड़े सवालों से बचने के लिए शिक्षिका ने उन पर उत्पीड़न का आरोप लगाया है। पूर्व में की गई शिकायतों पर कार्रवाई नहीं होने से वह मानसिक रूप से परेशान हैं।
विज्ञापन




खंड शिक्षा अधिकारी जया राय ने बताया कि पहले महिला शिक्षक की शिकायत मिली थी, जिस पर नोटिस जारी किया गया था। इसके बाद प्रभारी प्रधानाध्यापक की ओर से भी आरोप लगाए गए हैं। मामले की जांच कराई जा रही है।
 

पूर्व शिकायतों पर कार्रवाई क्यों नहीं?

सुकरौली। इस प्रकरण में सवाल उठ रहा है कि यदि प्रभारी प्रधानाध्यापक ने पहले ही विभागीय अधिकारियों से शिकायत की थी तो स्थानीय स्तर पर जांच कर स्थिति स्पष्ट क्यों नहीं की गई। तारकेश्वर तिवारी का आरोप है कि उनके पास क्षेत्र में विद्यालय आए बिना वेतन लेने वाले कर्मचारियों समेत विभागीय अनियमितताओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और जानकारियां हैं। उनका कहना है कि उन्होंने कई बार इन अनियमितताओं को उजागर करने का प्रयास किया है। इसी वजह से उन्हें लगातार प्रताड़ित किया जा रहा है। जिला स्तर पर शिकायत पहुंचने के बाद मामला चर्चा में आ गया है।

Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more