कंदवा। परिषदीय विद्यालयों में प्रधानमंत्री पोषण (मध्याह्न भोजन) योजना की निगरानी अब डिजिटल माध्यम से की जाएगी। इसके तहत बच्चों को परोसे जाने वाले भोजन की थाली और भोजन करते समय पंक्तिबद्ध बैठे विद्यार्थियों की अलग-अलग तस्वीरें डिजिटल रजिस्टर के मध्याह्न भोजन पंजिका एप पर अपलोड करनी होंगी। शासन ने भोजन की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए यह व्यवस्था लागू की है।
मध्याह्न भोजन प्राधिकरण के निदेशक ने इस संबंध में प्रदेश के सभी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं। इसके अनुसार प्रधानाध्यापक या प्रभारी अध्यापक को प्रतिदिन मध्याह्न भोजन करने वाले विद्यार्थियों की संख्या दर्ज करने के साथ उनकी तस्वीरें भी अपलोड करनी होंगी।
विज्ञापन
भोजन की थाली और भोजन करते हुए पंक्तिबद्ध बैठे बच्चों की तस्वीरें अलग-अलग अपलोड करना अनिवार्य होगा। एप पर अधिकतम पांच तस्वीरें अपलोड की जा सकेंगी।
इसके लिए विभाग की ओर से यूजर मैनुअल भी जारी किया गया है। बीएसए को इसे विद्यालयों तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही सभी विद्यालयों में निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार तस्वीरें अपलोड कराने और निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
विज्ञापन
विभाग ने इस कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने की हिदायत दी है। नई व्यवस्था से मध्याह्न भोजन वितरण की वास्तविक स्थिति की निगरानी और योजना के क्रियान्वयन में पारदर्शिता बढ़ाने में मदद मिलेगी।

